कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ियां की जगह भतीजे रणधीर सिंह धीरा को टिकट, सांसद मीत हेयर और डॉ. राज कुमार चब्बेवाल भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे
चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। गुरुवार को घोषित 31 उम्मीदवारों की इस सूची में पार्टी ने बड़ा फेरबदल करते हुए आठ मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। वहीं, दो मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारने का फैसला किया है। इस सूची में पांच महिलाओं को भी उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी की दूसरी सूची में सबसे चर्चित बदलाव लंबी विधानसभा सीट पर हुआ है। यहां से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ियां का टिकट काटकर उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा को उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह चमकौर साहिब से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले डॉ. चरणजीत सिंह की जगह जसवीर सिंह गड़ी को टिकट दिया गया है।
खरड़ विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक एवं पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान का टिकट काटकर परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, अमृतसर की राजासांसी सीट से पंजाबी अभिनेत्री सोनिया मान को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
दो सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारा
AAP ने इस बार दो मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। इनमें बरनाला से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल शामिल हैं। मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वह पहले भी इस सीट से विधायक रह चुके हैं। वहीं, डॉ. राज कुमार चब्बेवाल फगवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे।
पहलवान जस्सा पट्टी पर भी पार्टी ने जताया भरोसा
तरनतारन जिले की पट्टी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक एवं पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का टिकट काटकर पहलवान जस कंवर सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। जस कंवर सिंह को ‘जस्सा पट्टी’ के नाम से जाना जाता है। भुल्लर को मार्च 2026 में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल जेल में हैं।
इन आठ सीटों पर बदले उम्मीदवार
पार्टी ने जिन आठ विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों के टिकट काटे हैं, उनमें लंबी, चमकौर साहिब, खरड़, पट्टी, अमृतसर नॉर्थ, बठिंडा ग्रामीण, जालंधर सेंट्रल और शुतराणा शामिल हैं।
लंबी से गुरमीत सिंह खुड़ियां की जगह रणधीर सिंह धीरा, चमकौर साहिब से डॉ. चरणजीत सिंह की जगह जसवीर सिंह गड़ी और खरड़ से अनमोल गगन मान की जगह परमिंदर सिंह गोल्डी को टिकट दिया गया है।
जालंधर सेंट्रल से रमन अरोड़ा की जगह नितिन कोहली, बठिंडा ग्रामीण से अमित रतन की जगह गोपाल सिंह और शुतराणा से कुलवंत सिंह बाजीगर की जगह वरिंदर कौर लुंबा को उम्मीदवार बनाया गया है। पट्टी से लालजीत सिंह भुल्लर की जगह जस कंवर सिंह को टिकट मिला है। अमृतसर नॉर्थ में भी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बदल दिया है।
21 हारी हुई सीटों पर भी घोषित किए उम्मीदवार
दूसरी सूची में पार्टी ने उन 21 विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी उम्मीदवार घोषित किए हैं, जहां उसे 2022 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा पांच महिला उम्मीदवारों को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है। पार्टी की रणनीति पुराने चेहरों में बदलाव के साथ नए उम्मीदवारों को मौका देकर चुनावी समीकरण मजबूत करने की है।
भगवंत मान बोले- रिपोर्ट कार्ड के आधार पर मिला टिकट
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उम्मीदवारों की घोषणा के बाद कहा कि पार्टी ने सभी नेताओं का रिपोर्ट कार्ड देखने के बाद टिकटों का फैसला किया है। टिकट वितरण में न किसी की सिफारिश चली और न ही जाति को आधार बनाया गया। उन्होंने कहा कि उन्हीं नेताओं को उम्मीदवार बनाया गया है, जो पार्टी के प्रति वफादार हैं और जनता के बीच लोकप्रिय हैं।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी इससे पहले 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। दूसरी सूची के 31 उम्मीदवारों को मिलाकर पार्टी अब तक कुल 71 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
