साइकिल पर घर लौटते समय हुआ हादसा; गंभीर हालत में होशियारपुर रेफर किया, रास्ते में तोड़ा दम
गढ़शंकर, 31 अक्टूबर : माहिलपुर में बीती देर शाम पंजाब रोडवेज की बस की चपेट में आने से साइकिल सवार 73 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक कुमार पुत्र वेद प्रकाश निवासी वार्ड नंबर-1, माहिलपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार साइकिल पर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान नंगल की ओर से आ रही पंजाब रोडवेज की बस (पीबी-12-वाई-1441) से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में बस उनकी टांगों के ऊपर से गुजर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने उन्हें सिविल अस्पताल माहिलपुर पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सिविल अस्पताल होशियारपुर रेफर कर दिया। बाद में परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
थाना माहिलपुर पुलिस ने बस और उसके चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
