पंजाब में अमन-शांति, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता बनाए रखने पर दिया जोर; युवाओं के भविष्य और नशे की समस्या से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की अपील
पंजाब। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के प्रधान परगट सिंह ने रविवार को राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डेरा प्रमुख से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान परगट सिंह ने पंजाब के मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक माहौल पर विचार साझा करते हुए प्रदेश में अमन-शांति, आपसी भाईचारे, सद्भावना और एकता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा देश को आपसी प्रेम, सांप्रदायिक सद्भाव और मानवता की सेवा का संदेश दिया है। इस गौरवशाली विरासत को कायम रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
युवाओं का भविष्य और नशे की समस्या गंभीर चुनौती
परगट सिंह ने कहा कि पंजाब आज कई चुनौतियों से गुजर रहा है। युवाओं का भविष्य, नशे की समस्या, सामाजिक सद्भाव और प्रदेश की खुशहाली जैसे मुद्दों पर समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की तरक्की केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को सेवा, विनम्रता, प्रेम और मानवता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
