पाउडर और भूसी से बना रहे थे नामी कंपनियों की नकली दवाइयां, हिमाचल में फैक्ट्री का भंडाफोड़

by

सोलन के राजपुरा में चल रहा था अवैध कारोबार, यूपी एसटीएफ और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने की छापेमारी; नौकरी का लालच देकर दूसरे राज्यों के युवकों से कराते थे पैकिंग और सप्लाई

रोहित जसवाल।  सोलन। मरीज जिस दवा को बीमारी से राहत पाने और जिंदगी बचाने की उम्मीद में खाता है, अगर वही दवा नकली निकले तो यह सीधे तौर पर उसकी सेहत और जिंदगी से खिलवाड़ है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा इसी खतरनाक हकीकत को सामने लाया है। यहां सामान्य पाउडर और भूसी जैसे पदार्थों से गोलियां और कैप्सूल तैयार कर नामी दवा कंपनियों के ब्रांड और पैकेजिंग की नकल की जा रही थी।

19 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश एसटीएफ और औषधि विभाग की टीम ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के सहयोग से राजपुरा थाना क्षेत्र के नया गांव स्थित फैक्ट्री में छापेमारी की। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। वहीं, मामले से जुड़े अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क की सप्लाई चेन और दूसरे राज्यों में इसके संपर्कों का पता लगा रही हैं।

नौकरी और अच्छे वेतन का लालच देकर युवकों को रखा था काम पर

यूपी एसटीएफ के मुताबिक, इस अवैध फैक्ट्री का संचालन बदायूं जिले के मंडावाला निवासी सुनील कुमार कर रहा था। उसने सोलन जिले के राजपुरा थाना क्षेत्र में नकली दवाइयां बनाने का ठिकाना स्थापित किया था। वह अलग-अलग राज्यों के युवकों को नौकरी और अच्छे वेतन का लालच देकर फैक्ट्री में काम पर रखता था। इनसे दवाइयों की पैकिंग कराने के साथ तैयार माल की सप्लाई भी कराई जाती थी।

जांच में सामने आया कि मोनू की मुलाकात सुनील कुमार से बदायूं में एक दोस्त के माध्यम से हुई थी। सुनील ने उसे 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ रहने और खाने की मुफ्त सुविधा देने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद मोनू फैक्ट्री में पैकिंग का काम करने लगा। वह पिछले करीब एक साल से वहां काम कर रहा था।

वहीं, सहारनपुर निवासी मौ. हसीन की मुलाकात सुनील से हिमाचल प्रदेश के बद्दी कस्बे में अपनी मोबाइल शॉप पर हुई थी। सुनील ने उसे 15 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने का लालच देकर राजपुरा की फैक्ट्री में नौकरी पर रखा। हसीन पिछले छह-सात महीने से वहां काम कर रहा था। उसका काम नकली दवाइयों की पैकिंग करने के साथ तैयार खेप कोरियर के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर भेजना था।

पाउडर और भूसी से तैयार कर रहे थे नकली गोलियां-कैप्सूल

संयुक्त टीम की जांच में इस कारोबार का सबसे चौंकाने वाला पहलू सामने आया। फैक्ट्री में सामान्य पाउडर और भूसी जैसे पदार्थों को मिलाकर नकली गोलियां और कैप्सूल तैयार किए जा रहे थे। इसके बाद नामी दवा कंपनियों के नाम, ब्रांड और पैकेजिंग की नकल कर इन उत्पादों को असली दवाओं जैसा रूप दिया जा रहा था।

जांच के दौरान जिन उत्पादों के नाम सामने आए हैं, उनमें सीजेड टैबलेट (Cefixime & Azithromycin), न्यूरो-300 (Pregabalin Capsules IP), पैंटोप्राजोल यानी PAN-D, प्रेसिज-300, जीप्राइड एम-2, जेकेसेफ-एलबी और एसीपेक्स-625 शामिल हैं। इनमें कुछ दवाओं को बायोमैक्स बायोटेक्निक्स, अल्केम हेल्थ साइंस और कनिका हेल्थ केयर जैसी कंपनियों के नाम से पैक किया जा रहा था।

इनमें C-AZ को Cefixime और Azithromycin जैसे एंटीबायोटिक तत्वों के नाम से तैयार किया जा रहा था। PAN-D पेट और एसिडिटी से जुड़ी समस्याओं के उपचार में इस्तेमाल होती है, जबकि Pregabalin नसों के दर्द और कुछ प्रकार के मिर्गी के दौरों के उपचार में दी जाती है।

मरीजों की सेहत से हो सकता था गंभीर खिलवाड़

नकली दवाओं के इस कारोबार का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि मरीज इन्हें असली समझकर इस्तेमाल कर सकते थे। ऐसी दवाओं में जरूरी औषधीय तत्व मौजूद नहीं होने या उनकी मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने पर मरीजों को सही उपचार नहीं मिल पाता।

खासकर संक्रमण और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह स्थिति खतरनाक हो सकती है। मरीज को लगता है कि वह नियमित रूप से दवा ले रहा है, जबकि नकली दवा के सेवन से बीमारी नियंत्रित होने के बजाय बढ़ सकती है। अज्ञात पदार्थों से तैयार गोलियां और कैप्सूल शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव भी डाल सकते हैं।

वाराणसी में भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी

पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री संचालित करने वाला मुख्य आरोपी सुनील कुमार इससे पहले वाराणसी में भी नकली दवाइयां बनाने के मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने हिमाचल प्रदेश में दोबारा यह अवैध कारोबार शुरू कर दिया। वह दूसरे राज्यों के युवकों को नौकरी का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करता था और उनसे नकली दवाओं का निर्माण, पैकिंग तथा सप्लाई करवाता था।

मेरठ से हिमाचल तक फैले नेटवर्क की जांच

कुछ समय पहले मेरठ में भी नकली दवाइयों के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ था। पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ इस नेटवर्क की जांच कर रही थी। इसी दौरान मिले सुरागों के आधार पर हिमाचल प्रदेश में फैक्ट्री तक पहुंच बनाई गई।

अब जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि फैक्ट्री में कितने समय से नकली दवाइयां तैयार की जा रही थीं और अब तक कितनी खेप बाजार में भेजी जा चुकी हैं। किन राज्यों और शहरों में इनकी सप्लाई हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

इसके अलावा कोरियर कंपनियों, पार्सल माध्यमों, मेडिकल स्टोरों और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इन नकली दवाओं की कितनी खेप मरीजों तक पहुंची और क्या किसी ने इनका सेवन किया है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

पल्स पोलियो अभियान देश के सबसे सफल जनस्वास्थ्य अभियानों में से एक: राजेश धर्माणी

घुमारवीं में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर तकनीकी शिक्षा मंत्री ने किया अभियान का शुभारंभ एएम नाथ। घुमारवीं (बिलासपुर) 21 दिसम्बर : नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

महिला डॉक्टर दो युवकों के साथ होटल के कमरे में पहुंची : पति को भनक लगी, पूरे परिवार के साथ होटल पहुंचा : कमरे के अंदर तीनों को एक साथ पकड़ा……

यूपी के कासगंज से सामने आया है। यहां एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर का अपने पति के साथ झगड़ा चल रहा है। महिला डॉक्टर करीब एक साल से अपने पति से अलग...
article-image
हिमाचल प्रदेश

ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू

धर्मशाला में पशुपालन विभाग के नए कार्यालय भवन का किया उद्घाटन एएम नाथ।  धर्मशाला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला में पशु पालन विभाग के उप-निदेशक कार्यालय के नए भवन का...
हिमाचल प्रदेश

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल शनिवार को करेंगे फूड पार्क का दौरा

ऊना 3 मार्चः केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल शनिवार को हरोली विस क्षेत्र के तहत क्रीमिका फूड पार्क का निरीक्षण करेंगे। इस बारे जानकारी देते हुए एक सरकारी...
Translate »
error: Content is protected !!