जीरकपुर। बहन के साथ फोन पर हुए विवाद से आहत बिहार के पटना निवासी 17 वर्षीय युवक ने शनिवार शाम जीरकपुर के एक होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरते समय वह हाईटेंशन बिजली की तारों में फंस गया। करंट लगने से उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल की पहचान जशुआ हांसदा के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ वर्षों से जीरकपुर के एक होटल में काम कर रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शनिवार को उसकी अपनी बहन से फोन पर कहासुनी हुई थी। युवक के मुताबिक, बहन ने गुस्से में उससे कहा कि वह अब उसका भाई नहीं है और उनके परिवार के खून का हिस्सा भी नहीं है। इस बात से वह बेहद आहत हो गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने बताया कि उसके माता-पिता का कुछ साल पहले निधन हो चुका है और उसकी बहन पटना में रहती है। फोन पर हुए विवाद के बाद वह मानसिक तनाव में था। इसी दौरान वह होटल की तीसरी मंजिल पर पहुंच गया और वहां से छलांग लगा दी।
समझाते रहे लोग, फिर भी लगा दी छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक जब होटल की छत पर पहुंचा तो सड़क से गुजर रहे लोग रुक गए। वह छलांग लगाकर जान देने की बात कर रहा था। आसपास मौजूद लोग उसे समझाते रहे और नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। इसी बीच उसने छलांग लगा दी और बिजली की तारों में जा फंसा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
होटल में प्रताड़ना से किया इनकार
युवक ने होटल प्रबंधन या वहां काम करने वाले किसी सहकर्मी पर प्रताड़ित करने का आरोप नहीं लगाया। उसने स्पष्ट किया कि उसे होटल में किसी ने परेशान नहीं किया और न ही कामकाज को लेकर उसकी कोई शिकायत थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद जीरकपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी जसवंत सिंह के अनुसार, युवक के पारिवारिक हालात, बहन के साथ हुए कथित विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
