दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दो सदस्यों पर भी धार्मिक और पंथक गतिविधियों में शामिल होने पर रोक; अंतिम फैसले तक आदेश लागू रहेंगे
दिल्ली। तिलक नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिबपुरा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब ने कार्रवाई करते हुए पांच सदस्यीय प्रबंधक कमेटी के सदस्यों को भविष्य में गुरुद्वारा साहिब में किसी भी पद पर सेवा करने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है। इसके साथ ही दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दो सदस्यों को भी अगले आदेश तक धार्मिक और पंथक गतिविधियों में भाग लेने से रोक दिया गया है। यह पाबंदी पांच सिंह साहिबानों की ओर से अंतिम फैसला सुनाए जाने तक जारी रहेगी।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद जारी हुए आदेश
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने शिकायतकर्ता और संबंधित गुरुद्वारा प्रबंधकों को सचिवालय में तलब कर उनका पक्ष सुना। दोनों पक्षों की दलीलों और मामले से जुड़े तथ्यों पर विचार करने के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन से संबंधित गंभीर लापरवाही और त्रुटियां सामने आने के बाद आदेश जारी किए गए।
दो कमेटी सदस्यों की धार्मिक गतिविधियों पर रोक
आदेश के अनुसार, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य रमिंदर सिंह और बीबी रणजीत कौर को अगला फैसला आने तक धार्मिक एवं पंथक गतिविधियों में शामिल नहीं होने के निर्देश दिए गए हैं।
पांच प्रबंधकों को भविष्य में सेवा के लिए अयोग्य ठहराया
श्री अकाल तख्त साहिब ने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिबपुरा की पांच सदस्यीय प्रबंधक कमेटी के सदस्य प्रेम सिंह, मनमोहन सिंह, सरूप सिंह, हरबीर सिंह और सुखदेव सिंह को भविष्य में गुरुद्वारा साहिब में किसी भी पद पर सेवा करने के लिए अयोग्य घोषित किया है।
