हमीरपुर के समोह गांव में एक ही दिन मां-बेटे की मौत से पसरा मातम, दोनों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
रोहित जसवाल/ एएम नाथ। हमीरपुर। दीपावली से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के समोह गांव में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यहां शनिवार को पहले 63 वर्षीय बलदेव सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर सुनने और उसका पार्थिव शरीर घर पहुंचने पर 85 वर्षीय मां कैरो देवी गहरे सदमे में चली गईं। कुछ ही घंटों बाद उनकी भी मौत हो गई। एक ही दिन मां-बेटे की मृत्यु से टिक्कर राजपूता पंचायत के समोह गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों का अंतिम संस्कार भी शनिवार को ही किया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हुई मौत
परिजनों के अनुसार, शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बलदेव सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिवार के सदस्य उन्हें उपचार के लिए बड़सर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। बलदेव सिंह जलशक्ति विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।
बेटे का शव देखकर मां की बिगड़ी तबीयत
बलदेव सिंह का पार्थिव शरीर जब घर लाया गया तो मां कैरो देवी बेटे को देखकर फूट-फूटकर रोने लगीं और कुछ देर बाद बेसुध हो गईं। परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान बलदेव सिंह की अर्थी श्मशानघाट ले जाते समय कैरो देवी की तबीयत भी बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें बड़सर अस्पताल ले गए, जहां दोपहर करीब 12 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने मां कैरो देवी का भी अंतिम संस्कार किया। कुछ ही घंटों के अंतराल में दो सदस्यों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बड़ा बेटा बहरीन में करता है नौकरी
बलदेव सिंह के दो बेटे हैं। उनका छोटा बेटा घर पर ही रहता है, जबकि बड़ा बेटा अनिल कुमार बहरीन में नौकरी करता है। बलदेव सिंह के बड़े भाई जगरूप सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। परिवार में एक साथ हुई दो मौतों से परिजन गहरे सदमे में हैं।
पूरा गांव शोक संतप्त
पंचायत की वार्ड पंच सुदेश ने बताया कि एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरा गांव दुखी है। इस कठिन समय में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। मृतक के बेटे अनिल कुमार ने भी बताया कि पिता की तबीयत तड़के अचानक बिगड़ी थी और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। इसके बाद कुछ ही घंटों में दादी ने भी दम तोड़ दिया।
