रोहित जसवाल । होशियारपुर : रायत बहरा इंटरनेशनल स्कूल के छात्र आरव ने मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित 11वें अंतरराष्ट्रीय केएल मेयर कप में रजत पदक जीतकर विद्यालय, शहर और देश का नाम रोशन किया है। 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में आरव ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
आरव ने प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
रायत बहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. चंद्र मोहन ने आरव और उसके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक हासिल करना संस्थान और देश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि छात्र की मेहनत, लगन और अभिभावकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने आरव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रश्मि शर्मा ने कहा कि आरव की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, धैर्य, एकाग्रता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। आरव ने अपनी मेहनत से साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
विद्यालय प्रबंधन और समस्त स्टाफ ने आरव को इस शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
