चंडीगढ़। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में शामिल सेक्टर-9 में पुलिस मुख्यालय के पास एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। हत्यारे ने पत्थरों से महिला के सिर पर कई वार कर उसे बुरी तरह कुचल दिया। घटनास्थल चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय से महज 100 कदम की दूरी पर स्थित है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक राहगीर की नजर सड़क किनारे पड़े महिला के शव पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए। महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसके हाथ पर बने टैटू में ‘शिखा यूपी’ लिखा हुआ है। पुलिस इसी सुराग के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस बीट बॉक्स से कुछ कदम दूर वारदात
प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, हत्या की वारदात गुरुवार रात 12 बजे के बाद हुई होने की आशंका है। घटनास्थल से कुछ ही कदम की दूरी पर पुलिस का बीट बॉक्स मौजूद है। वहीं, करीब 100 मीटर के दायरे में चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय, पंजाब पुलिस मुख्यालय और पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का कार्यालय भी स्थित है। इन महत्वपूर्ण सरकारी परिसरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था रहती है। ऐसे संवेदनशील इलाके में महिला की हत्या होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पत्थरों से सिर पर किए कई वार
पुलिस के अनुसार, महिला के सिर पर पत्थर से कई बार हमला किया गया। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ मिला। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या के कारणों और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है। हालांकि, हत्या की सही समयावधि और घटनाक्रम की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला घटनास्थल पर कब पहुंची और वारदात के समय आसपास कौन-कौन मौजूद था। पुलिस घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की आवाजाही की जानकारी भी जुटा रही है।
गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड भी खंगाला
महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए चंडीगढ़ के सभी पुलिस थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड जांचा जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किसी थाने में महिला के लापता होने की शिकायत तो दर्ज नहीं करवाई गई। इसके अलावा घटनास्थल का मोबाइल डंप डेटा भी जुटाया गया है, ताकि वारदात के समय आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी मिल सके। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
