पैतृक गांव भवड़ां में हुआ विवाह समारोह, माता संसार देई और पत्नी कमलेश ठाकुर भी रहीं मौजूद; सोमवार सुबह इलेक्ट्रिक बस को दिखाई हरी झंडी
रोहित जसवाल/ एएम नाथ। हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के पैतृक गांव भवड़ां में रविवार को शादी की खुशियां छाई रहीं। मुख्यमंत्री के बड़े भाई राजीव ठाकुर की बेटी निकिता का विवाह समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। धर्मशाला से देर शाम नादौन पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू ने भतीजी की शादी में शिरकत कर नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
परिवार के साथ साझा कीं खुशियां
हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के भवड़ां स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक गांव में आयोजित विवाह समारोह में उनकी माता संसार देई और पत्नी कमलेश ठाकुर भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों के साथ विवाह की खुशियां साझा कीं और निकिता व उनके जीवनसाथी को सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
सेरा विश्राम गृह में किया रात्रि ठहराव
विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने सेरा विश्राम गृह में रात्रि ठहराव किया। इस दौरान क्षेत्र के कई लोग उनसे मिलने पहुंचे और अपनी समस्याएं व शिकायतें उनके समक्ष रखीं।
हमीरपुर-जोलसप्पड़-नादौन-सेरा रूट पर दौड़ेगी इलेक्ट्रिक बस
मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोमवार सुबह इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस हमीरपुर से जोलसप्पड़, नादौन होते हुए सेरा रूट पर चलेगी। मुख्यमंत्री इस दौरान सेरा विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे।
