एएम नाथ। पांगी । पति की मौत के बाद परिवार का पेट पालने और अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिलने की उम्मीद में दो साल तक वन विभाग के विश्राम गृह में काम करने वाली विधवा महिला आज भी न्याय की आस लगाए बैठी है। हैरानी की बात है कि महिला को न तो नौकरी मिली और न ही दो साल की मेहनत का मेहनताना। आर्थिक तंगी से जूझ रही महिला अब लोगों के घरों में काम करके परिवार का गुजारा करने को मजबूर है। उसने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से न्याय की गुहार लगाई है।
मामला हिमाचल प्रदेश वन विभाग के पांगी वन मंडल के अधीन पठानकोट स्थित विश्राम गृह से जुड़ा है। पठानकोट के गांव ढक्की निवासी सोनिया के पति स्वर्गीय नरेश कुमार वहां दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2023 में पति की मृत्यु के बाद परिवार पर आर्थिक संकट आ गया। इसके बाद वन मंडल पांगी ने सोनिया को उसी विश्राम गृह में दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारी के तौर पर काम पर रखा।
अनुकंपा नौकरी की आस में दो साल तक करती रही काम
सोनिया के अनुसार, उन्होंने करीब दो साल तक पूरी जिम्मेदारी के साथ विश्राम गृह में काम किया। उन्हें उम्मीद थी कि पति की मृत्यु के बाद विभाग अनुकंपा के आधार पर उन्हें नौकरी देगा। इसके लिए उन्होंने जरूरी दस्तावेज भी तैयार करवाकर विभाग को भेजे, लेकिन उनकी उम्मीद पूरी नहीं हुई। नौकरी तो दूर, इस दौरान किए गए काम की मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया गया।
मजदूरी नहीं मिली तो छोड़ना पड़ा काम
महिला ने अपनी समस्या विभाग के सचिव, संबंधित निदेशक, अरण्यपाल और वन मंडल अधिकारी पांगी के समक्ष कई बार उठाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। लगातार आर्थिक परेशानी और मेहनताने का भुगतान न होने के कारण आखिरकार उन्हें विश्राम गृह का काम छोड़ना पड़ा।
दो बच्चों और बुजुर्ग सास-ससुर की जिम्मेदारी
अब सोनिया लोगों के घरों में काम करके परिवार का खर्च चला रही हैं। उनके परिवार में दो छोटे बच्चे और बुजुर्ग सास-ससुर हैं। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और बुजुर्गों की दवाइयों का इंतजाम करना उनके लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सोनिया की दो साल की मजदूरी का भुगतान लंबित है। संबंधित अवधि के बिल और मस्टररोल तैयार किए जाने की बात भी सामने नहीं आई है।
अरण्यपाल ने दिया कार्रवाई का भरोसा
मामले पर चंबा के अरण्यपाल राकेश कुमार ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में लाया गया है। उन्होंने बताया कि वन मंडल अधिकारी पांगी को निर्देश देकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि विभाग महिला की लंबित मजदूरी और अनुकंपा नौकरी से जुड़े मामले में कब तक कार्रवाई करता है। फिलहाल दो साल तक सेवा देने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से सोनिया और उनका परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
