नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू कर दी है। दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की पहली औपचारिक बैठक हुई, लेकिन यह महज 15 मिनट में समाप्त हो गई। हालांकि, बैठक के बाद दोनों पक्षों ने बातचीत को सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण बताया। अब मंगलवार को फिर बैठक होगी।
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में सीट बंटवारे पर चर्चा पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। सपा की ओर से भी स्पष्ट किया गया कि सीटों के बंटवारे में उम्मीदवारों की जीतने की संभावना सबसे अहम आधार होगी।
दोनों दलों के चार-चार नेता रहे मौजूद
बैठक में कांग्रेस की ओर से यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन ने हिस्सा लिया।
कांग्रेस की 100 से ज्यादा सीटों पर नजर
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस को आशंका है कि समाजवादी पार्टी उसे ऐसी सीटें दे सकती है, जहां भाजपा की स्थिति मजबूत है। इसी कारण कांग्रेस कम से कम 60 ऐसी सीटें चाहती है, जहां गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत की संभावना अधिक हो। पार्टी ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है और उन क्षेत्रों पर जोर दिया है, जहां 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस आगे रही थी या मामूली अंतर से पीछे रही थी।
कांग्रेस की रणनीति में उन विधानसभा क्षेत्रों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, जहां उसके पारंपरिक सामाजिक समीकरण और मजबूत स्थानीय नेता मौजूद हैं।
सपा ने 55 सीटों का प्रस्ताव भेजा
सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को करीब 55 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस लगभग 100 सीटों की मांग कर रही है। कांग्रेस की इस मांग के पीछे 2017 का विधानसभा चुनाव भी एक आधार है, जब सपा ने उसे करीब 105 सीटें दी थीं।
वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से कांग्रेस ने सपा के साथ गठबंधन में 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था। कांग्रेस इसी गठबंधन के प्रदर्शन और अपने चुनावी आधार को देखते हुए अधिक विधानसभा सीटों की मांग कर रही है।
सपा के सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस से यह भी पूछा जाएगा कि जिन सीटों पर उसने दावा किया है, वहां जीत के लिए उसकी क्या रणनीति है और स्थानीय स्तर पर उसकी तैयारी कितनी मजबूत है। इसके बाद पार्टी कांग्रेस के प्रस्ताव पर आंतरिक विचार-विमर्श करेगी।
सहारनपुर, अमेठी और रायबरेली की सीटों पर हो सकता है विवाद
सीट बंटवारे में सहारनपुर देहात, बेहट, अमेठी और रायबरेली की विधानसभा सीटों पर दोनों दलों के बीच सहमति बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। सहारनपुर की दोनों सीटों पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने दावा जताया है। वहीं, अमेठी और रायबरेली गांधी परिवार की राजनीतिक पहचान से जुड़े क्षेत्र हैं। कांग्रेस इन जिलों की सभी विधानसभा सीटों पर अपना दावा पेश कर रही है।
रामगोपाल यादव बोले- जल्द गठबंधन को देंगे अंतिम रूप
बैठक के बाद सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचार सुने। उन्होंने कहा कि गठबंधन को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा और अगले दो से तीन दिनों में प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास होगा।
कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमत हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर आपसी सहमति से समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को फिर बातचीत होगी और लगभग सभी मुद्दों पर चर्चा जारी है।
