मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में जन्मदिन मनाने पहुंची 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। युवती जबलपुर से अपने छह दोस्तों के साथ मैहर आई थी। सभी ने देवीजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास में तीन कमरे बुक करवाए थे। यात्री निवास पहुंचने के करीब एक घंटे बाद ही युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोस्त उसे तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवती के साथ आए छह दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तड़के 3 बजे यात्री निवास पहुंचे थे सातों दोस्त
पुलिस के अनुसार, जबलपुर निवासी सात युवक-युवतियां युवती का जन्मदिन मनाने के लिए मैहर पहुंचे थे। सोमवार तड़के करीब 3 बजे सभी कोतवाली थाना क्षेत्र के देवीजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास पहुंचे और वहां तीन कमरे बुक करवाए।
एक घंटे बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
यात्री निवास में पहुंचने के करीब एक घंटे बाद सुबह 4 बजे युवती की अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसके दोस्त उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल मैहर ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने पर अड़े दोस्त
युवती की मौत के बाद अस्पताल परिसर में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब साथ आए दोस्त बिना पोस्टमार्टम और पुलिस कार्रवाई के शव को जबलपुर ले जाने की जिद करने लगे। हालांकि, मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस के पहुंचने तक शव सौंपने से इनकार कर दिया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, डीवीआर जब्त
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवा दिया। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने आस्था यात्री निवास के संबंधित कमरे का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा पुलिस ने यात्री निवास का सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सिस्टम (डीवीआर) भी जब्त कर लिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के अनुसार, युवती के साथ आए सभी छह दोस्तों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। फिलहाल युवती की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
