राहगीरों को लूट रहे बदमाशों से भिड़े नगर निगम इंस्पेक्टर : तीन लुटेरों ने चाकू और दातर दिखाकर दो युवकों को लूटा, इंस्पेक्टर की कार का शीशा तोड़कर फरार

by

लुधियाना। शहर की घोड़ा छाप कॉलोनी के पास मंगलवार रात राहगीरों को लूट रहे तीन बदमाशों का नगर निगम के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने अकेले ही सामना किया। बदमाशों के कब्जे में दो युवकों को देखकर उन्होंने अपनी कार से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दो बदमाश बाइक समेत सड़क पर गिर गए, जबकि तीसरा बैग लेकर भागने लगा। बदमाशों को पकड़ने की कोशिश के दौरान एक आरोपी ने इंस्पेक्टर की कार के अगले शीशे पर दातर से हमला कर दिया। शीशा टूटने के बाद आरोपी फरार हो गए और मौके पर दातर गिर गया।

हालांकि, इंस्पेक्टर की तत्परता से लुटेरों के चंगुल में फंसे युवकों को मदद मिली, लेकिन बदमाश उनका बैग लेकर भागने में कामयाब रहे। बैग में करीब 35 से 40 हजार रुपये नकद, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज बताए गए हैं।

दफ्तर से घर लौट रहे थे दोनों युवक

पीड़ित शिवम दुबे ने बताया कि वह ट्रांसपोर्टेशन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (TCI) में काम करते हैं। मंगलवार रात करीब 10 बजे वह इकबाल गंज चौक स्थित अपने कार्यालय से निकले थे। काम जल्दी समाप्त होने के कारण वह अपने साथी मंजय भारद्वाज के साथ घोड़ा छाप रोड से घर की ओर जा रहे थे।

नगर निगम स्टोर के पास बाइक सवार तीन युवक आए और उनकी बाइक को टक्कर मारकर रोक लिया। बदमाशों ने बाइक की चाबी निकाल ली और दोनों को सड़क किनारे खड़े होने के लिए कहा।

चाकू की नोक पर मोबाइल और बैग छीना

शिवम के मुताबिक, एक बदमाश ने उनके पेट पर चाकू लगा रखा था, जबकि दूसरे ने उनके साथी मंजय भारद्वाज को चाकू की नोक पर धमकाया। तीसरा आरोपी बाइक के पास खड़ा रहा। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उनके मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की और बैग भी ले लिया।

पीड़ितों के विरोध करने पर बदमाशों ने मंजय भारद्वाज की बाजू पर दातर से वार कर दिया, जिससे उनकी बाजू लहूलुहान हो गई। इसके बाद बदमाश लूट का सामान लेकर भागने लगे।

बदमाशों की बाइक को कार से मारी टक्कर

इसी दौरान नगर निगम के इंस्पेक्टर सुनील कुमार वहां से कार में गुजर रहे थे। उन्होंने दोनों युवकों को बदमाशों के कब्जे में देखा तो तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने अपनी कार से बदमाशों की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दो बदमाश बाइक समेत गिर गए, जबकि तीसरा बैग लेकर भागने लगा।

इंस्पेक्टर ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने उनकी कार के अगले शीशे पर दातर से हमला कर दिया। हमले में कार का शीशा टूट गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और उनका दातर घटनास्थल पर ही गिर गया।

इंस्पेक्टर समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा नुकसान हो सकता था

शिवम दुबे ने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार समय पर मौके पर नहीं पहुंचते तो बदमाश उनके मोबाइल फोन भी लूट सकते थे और उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचा सकते थे। पीड़ितों ने मदद के लिए इंस्पेक्टर की तत्परता की सराहना की। वारदात में मंजय भारद्वाज घायल हुए, जबकि बदमाश बैग लेकर फरार हो गए।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

सैला खुर्द मे राजिंदर कुमार राजा का अंतिम संस्कार

गढ़शंकर । प्रख्यात गजलगो, चित्रकार और दर्पण साहित्य सभा सेला खुर्द के अध्यक्ष रेशम चित्रकार के नौजवान पुत्र राजिंदर कुमार राजा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में कर दिया गया। राजा की गत...
article-image
पंजाब

दो पूर्व पुलिस कर्मियों को उम्र कैद : तीस साल पुराने फर्जी एनकाउंटर मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने सजा सुनाई

अमृतसर। वर्ष 1993 के एक फर्जी एनकाउंटर से जुड़े मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने दो पूर्व पुलिस कर्मियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। पूर्व थानेदार शमशेर सिंह व जगतार सिंह...
article-image
पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

हाईवे पर लेकर नहीं जा सकते ट्रैक्टर और ट्रॉली : प्रदर्शन कर रहे किसानों को हाई कोर्ट की नसीहत

चंडीगढ़  : प्रदर्शन कर रहे किसानों के मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई। इस दौरान एचसी ने कहा कि हाईवे पर ट्रैक्टर और ट्रॉली लेकर नहीं जा...
Translate »
error: Content is protected !!