गोद लिए वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बच्चों से किया संवाद, बेहतर शैक्षणिक माहौल और प्रतिभा निखारने पर दिया जोर
एएम नाथ । मंडी : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गोद लिए बागाचनोगी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनसे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के उत्साह, उनकी प्रतिभा और भविष्य के सपनों को करीब से जाना।
जयराम ठाकुर ने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान, आंखों में बड़े सपने और जीवन में आगे बढ़ने का उत्साह देखकर मन प्रसन्न हुआ। उन्होंने कहा कि विद्यालय को गोद लेने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि हर बच्चे को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलने चाहिए, ताकि वह अपनी क्षमता को पहचानकर जीवन में सफलता हासिल कर सके। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाना जरूरी है, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें और जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करें।
जयराम ठाकुर ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रगति और सफलता ही ऐसे प्रयासों का वास्तविक उद्देश्य है।
