शिक्षा व्यवस्था की मजबूती में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि : रोहित ठाकुर

by

टूटू में राज्य स्तरीय पीएम श्री बाल मेले का शुभारंभ, 337 विद्यार्थी दिखा रहे प्रतिभा; स्कूल की वेबसाइट और स्मारिका ‘सृजन दर्पण’ का किया विमोचन

एएम नाथ, शिमला, 28 नवंबर। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से प्रदेश में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं। यह बात शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय पीएम श्री बाल मेला-2026 का शुभारंभ करते हुए कही। 28 और 29 नवंबर को आयोजित इस मेले में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के 337 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इसका आयोजन स्कूल प्रबंधन की ओर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), शिमला के सहयोग से किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बाल मेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है। ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सांस्कृतिक अभिरुचि और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हजारों शिक्षकों के पद भरे हैं और शिक्षा के प्रत्येक स्तर पर सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की दूरदर्शी सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों के कारण प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने पांचवीं कक्षा के विद्यार्थी कृष्णा का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह उसने अपनी अशिक्षित मां को पढ़ाने का प्रयास किया, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे प्रयासों से समाज में शिक्षा और साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के साथ शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार करना है। आने वाली पीढ़ी को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, आधुनिक आधारभूत ढांचा और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच उपलब्ध करवाना आवश्यक है। तभी देश का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है।

स्कूल की वेबसाइट का शुभारंभ, ‘सृजन दर्पण’ का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस वेबसाइट पर विद्यालय से संबंधित सूचनाएं, गतिविधियां, मैगजीन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने स्कूल की मासिक स्मारिका ‘सृजन दर्पण’ का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू का प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में महत्वपूर्ण स्थान है।

निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रारंभिक और उच्च शिक्षा निदेशालयों को एकीकृत कर स्कूल शिक्षा निदेशालय बनाया गया है। इससे विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बाल मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना और उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना है।

तीन वर्गों में आयोजित हो रही विभिन्न प्रतियोगिताएं

दो दिवसीय बाल मेले में विद्यार्थियों के लिए तीन आयु एवं शैक्षणिक वर्गों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्राथमिक वर्ग में पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए म्यूजिकल चेयर, स्पून रेस, प्रश्नोत्तरी, कहानी सुनाना, फैंसी ड्रेस, एकल नृत्य तथा लोक एवं भक्ति गीत प्रतियोगिताएं रखी गई हैं।

मिडिल वर्ग में छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण, एकल गायन, देशभक्ति समूह गान, एकल नृत्य, शतरंज, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं, नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद, एकल गायन, समूह नृत्य, नाटक और विज्ञान संबंधी गतिविधियां करवाई जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है।

99.55 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ हिमाचल पूर्ण साक्षर राज्य

शिक्षा मंत्री ने प्रदेश की शैक्षणिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने 99.55 प्रतिशत साक्षरता दर हासिल कर पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा प्राप्त किया है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस)-2024 में प्रदेश ने 21वें स्थान से सुधार करते हुए देशभर में पांचवां स्थान हासिल किया है। इसी तरह परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई)-2024-25 में 659.2 अंक प्राप्त कर हिमाचल छठे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पहले प्रदेश 13वें स्थान पर था।

उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में 7,000 से अधिक सीधी नियुक्तियां और 7,600 से अधिक पदोन्नतियां की गई हैं। उच्च शिक्षा विभाग में भी 5,103 पद भरे गए हैं। प्रदेश के 147 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जबकि 800 शिक्षण संस्थानों को उत्कृष्ट संस्थानों के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सरकारी स्कूलों में 3,700 चौकीदारों के पद भरे जाएंगे।

रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार की ‘अपना विद्यालय’ योजना के तहत 6,390 से अधिक स्कूलों को अपनाया गया है। मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए 8,400 से अधिक टैबलेट वितरित किए गए हैं। खेलों के क्षेत्र में भी प्रदेश के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 69वें एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूली खेलों में 48 पदक हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत ढांचे के विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

इस अवसर पर पार्षद मोनिका भारद्वाज, पार्षद अनीता शर्मा, उपनिदेशक उच्च स्कूल शिक्षा लेखराज भारद्वाज, उपनिदेशक गुणवत्ता अनिल कुंद्रा, उपनिदेशक प्रारंभिक स्कूल शिक्षा निशा भलूनी, डाइट शिमला के प्रधानाचार्य वीरेंद्र चौहान, एसएमसी प्रधान अनुराधा शर्मा, स्थानीय स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. रश्मि राणा, राज्य समन्वयक बाल मेला सुनीता शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

सुशासन आदर्श नहीं बल्कि व्यावहारिक दृष्टिकोण है अब- राज्यपाल

एएम नाथ। धर्मशाला, 1 जुलाई :  राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से संसाधनों का कुशल प्रबंधन सेवाओं की पारदर्शिता और नीति निर्माण में भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा...
article-image
हिमाचल प्रदेश

बॉलीवुड की एक्ट्रेस अब बनी राजनीति की क्वीन : मंडी में कुछ यूं पछाड़ा कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को

एएम नाथ। मंडी  :   मंडी संसदीय सीट से बॉलीवुड अदाकारा कंगना रनौत ने जीत हासिल की है। चुनावों का दौर शुरू होने के पहले से ही यह सीट काफी हॉट मानी जा रही थी।...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

दिल्ली-NCR में भूकंप के झटके : राजधानी में ही रहा केंद्र

एएम नाथ। दिल्ली : भूकंप से एक बार फिर धरती हिल गई है। सोमवार सुबह दिल्ली-NCR में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप का केंद्र राजधानी में ही था। भूकंप का असर...
हिमाचल प्रदेश

नकली पुलिस वाला पकड़ा हिमाचल प्रदेश के गगरेट में : गाड़ी पर लिखा ”पुलिस”, नीली बत्ती भी लगाई !!

गगरेट : गाड़ी पर पुलिस लिखवा रखा था और छत पर पुलिस की नीली बत्तियां लगा रखी थीं। गगरेट में ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता ने समय रहते इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया। रविवार...
Translate »
error: Content is protected !!