वाराणसी: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पवित्र सावन माह के अवसर पर वाराणसी पहुंचकर बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के चरणों में शीश नवाकर समस्त हिमाचलवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और जीवन में उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने काशी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि मां गंगा के तट पर बसी काशी ने अपने लंबे इतिहास में अनेक बदलाव देखे हैं, लेकिन हर दौर में इसकी विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक विरासत और अधिक समृद्ध हुई है।
उन्होंने कहा कि संतों और विद्वानों की साधना से लेकर साहित्यकारों की लेखनी तक, काशी ने भारतीय जीवन और चेतना को गहराई से प्रभावित किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ किया।
