एएम नाथ। शिमला। भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर प्रदेश कोर कमेटी की घोषणा कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने 12 सदस्यीय कोर कमेटी की अधिसूचना जारी की है। कमेटी में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों को शामिल किया गया है। इसके अलावा दो नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
घोषित कोर कमेटी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को स्थान दिया गया है। प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन भी कमेटी के सदस्य होंगे।
इन नेताओं को मिली कोर कमेटी में जगह
कोर कमेटी के अन्य सदस्यों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, महामंत्री पायल वैद्य और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल शामिल हैं।
श्रीकांत शर्मा और दर्शना सिंह विशेष आमंत्रित सदस्य
भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। नई कोर कमेटी में संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक चेहरों को शामिल किया गया है।
