प्रदेश पर 1.10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज, कर्मचारियों-पेंशनरों की देनदारियां लंबित
डिपो में खराब आटे की आपूर्ति पर भी उठाए सवाल
एएम नाथ। चंबा : भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं वरिष्ठ एडवोकेट जय सिंह ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। चंबा में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों में उमड़ रही भीड़ से कांग्रेस बौखला गई है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लंबे समय बाद भरमौर-होली का दौरा कर रहे हैं।
जय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले 10 गारंटियों के नाम पर जनता से वोट मांगे थे, लेकिन सरकार एक भी गारंटी पूरी नहीं कर पाई। अब चुनावी वर्ष नजदीक आते ही मुख्यमंत्री नए जिलों के गठन की बातें कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश पर करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और कर्मचारियों व पेंशनरों की करोड़ों रुपये की देनदारियां लंबित हैं। कर्मचारियों को समय पर वेतन और पेंशनरों को पेंशन मिलने में भी परेशानी हो रही है। ऐसे में नए जिलों का गठन करना केवल राजनीतिक घोषणा बनकर रह जाएगा।
उन्होंने कहा कि चंबा जिले के करीब 65 हजार और प्रदेश के लाखों युवा नियमित सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी पूरी नहीं हुई और किसानों से गोबर खरीदने का वादा भी अधूरा है। किसानों का गोबर खेतों में सड़ रहा है, लेकिन सरकार ने खरीद शुरू नहीं की।
जय सिंह ने चंबा मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्था और डॉक्टरों की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण कई मासूमों की जान गई, लेकिन संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। साहो में जल शक्ति विभाग का डिवीजन खोलने की घोषणा पर अमल न होने को भी उन्होंने सरकार की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले समय में कांग्रेस को इसका जवाब देगी।
——————–
बीपीएल परिवार को 5300 रुपये का बिजली बिल
जय सिंह ने कहा कि चंबा में एक बीपीएल परिवार को तीन महीने का 5300 रुपये का बिजली बिल थमाया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी कब पूरी होगी। उन्होंने राशन डिपुओं में देरी से और अधूरा राशन मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार उपभोक्ताओं को तीन से चार महीने बाद राशन मिलता है। हाल ही में सरकारी डिपुओं में आटे में कीड़े मिलने का मामला भी सामने आया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से होली दौरे के दौरान बिजली बिलों, राशन वितरण और आटे की गुणवत्ता पर जवाब देने की मांग की।
