27 अक्टूबर से जालंधर में गूंजेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी का रोमांच, तैयारियों में जुटी सरकार…एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पंजाब में होंगे विश्वस्तरीय प्रबंध : भगवंत मान

by

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाली एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए सभी संबंधित विभागों को विश्वस्तरीय प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों, दर्शकों और विदेशी मेहमानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि पंजाब अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में नए कीर्तिमान स्थापित कर सके।

मुख्यमंत्री ने चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने को कहा। उन्होंने कहा कि पंजाब अपनी समृद्ध हॉकी विरासत और भारतीय खेलों में योगदान के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। यह टूर्नामेंट राज्य को अपनी खेल उपलब्धियों, सांस्कृतिक परंपराओं और मेहमाननवाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर देगा।

छह देशों की टीमें लेंगी हिस्सा

मुख्यमंत्री के अनुसार, टूर्नामेंट में भारत, चीन, मलेशिया, जापान, बांग्लादेश और दक्षिण कोरिया की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 27 अक्टूबर को जालंधर में होगा और मैच 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेले जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय आयोजन के अनुरूप पेशेवर व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

जालंधर और मोहाली में सफाई व सौंदर्यीकरण

भगवंत मान ने कहा कि तैयारियां केवल स्टेडियम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि शहरों की स्वच्छता, सुंदरता और सार्वजनिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जालंधर और मोहाली के नगर निगमों को व्यापक सफाई अभियान चलाने तथा स्टेडियम और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की ओर जाने वाली सड़कों की मरम्मत और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को खिलाड़ियों और उनके सहायक स्टाफ के लिए गुणवत्तापूर्ण आवास, भोजन, सुरक्षा और परिवहन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। होटलों, मैच स्थलों और अन्य निर्धारित स्थानों के बीच सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की असुविधा या अनावश्यक देरी से बचा जाना चाहिए।

विद्यार्थियों को मैच दिखाने की योजना

मुख्यमंत्री ने स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैच देखने का अवसर मिलने से वे खिलाड़ियों से प्रेरणा लेंगे और खेलों, अनुशासन तथा टीम भावना के प्रति प्रोत्साहित होंगे। इससे युवा पीढ़ी को पंजाब की गौरवशाली हॉकी विरासत से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।

पंजाबभर में निकलेगा ट्रॉफी टूर

टूर्नामेंट के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए राज्यव्यापी प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ट्रॉफी या उसके मॉडल को विशेष रूप से तैयार एसयूवी में प्रदर्शित करते हुए पंजाब के विभिन्न जिलों में ले जाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से लोगों को प्रतियोगिता के बारे में जागरूक करने और जनभागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

समन्वय कमेटी का होगा गठन

टूर्नामेंट की तैयारियों और आयोजन को सुचारू बनाने के लिए सरकारी विभागों, आयोजकों तथा अन्य संबंधित पक्षों के बीच तालमेल स्थापित करने के लिए विशेष समन्वय कमेटी गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत, खेल सचिव वरुण रूजम, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सचिव पुनीत गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

गांव मननहाना में 16 वा विशाल मां भगवती जागरण 6 अक्तूबर को करवाया जाएगा/रछपाल सिंह कलेर अध्यक्ष

*इस अवसर पर प्रमुख महामाई की महिमा का गुणगान करेंगे जिनमे अजय माही ऊना,अनमोल विर्क,मिंटू हेयर,गोरा भगत ओर जी सिद्धू शामिल है *इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डाक्टर इशांक कुमार और क्षेत्रीय सांसद डाक्टर...
article-image
पंजाब , समाचार

 पांच लोगों की मौत दो घायल, कार मोटरसाईकल की टक्कर से हुई जैतपुर अड्डे पर खतरनाक दुर्घटना

माहिलपुर I गांव जैतपुर में महिलपुर-होशियारपुर मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की तीन बेटियां और उनके माता-पिता एक कार की चपेट में आ गए। चालक और उसकी...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

यूएमबी मिसेज इंडिया की प्रथम रनर-अप अक्षिता शर्मा ने मुख्यमंत्री से की भेंट

एएम नाथ।  शिमला : यूएमबी मिसेज इंडिया की प्रथम रनर-अप अक्षिता शर्मा ने आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की और प्रतियोगिता के बारे में अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने...
article-image
पंजाब

सरकारी हाई स्कूल पंडोरी बीत में राष्ट्रीय स्पेस दिवस मनाया : विधार्थियों के विभिन्न तरह के क्विज़ मुकाबले भी करवाए

गढ़शंकर । सरकारी हाई स्कूल पंडोरी बीत में स्कूल के मुख्याध्यापक दिलदार सिंह के नेतृत्व में आज राष्ट्रीय स्पेस दिवस मनाया गया। साइंस मास्टर अनुपम कुमार शर्मा नके जसवीर कौर के सहयोग से एक...
Translate »
error: Content is protected !!