धर्मशाला में 20 नवंबर से शुरू होगा ‘खेलो हिमाचल अभियान’; अंतरराष्ट्रीय स्तर के 51 और राष्ट्रीय स्तर के 368 खिलाड़ियों को हिम रतन-2026 से किया सम्मानित
एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए 419 खिलाड़ियों को 17.85 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में खिलाड़ियों को हिम रतन-2026 पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के कोच और अंतरराष्ट्रीय रेफरी को भी तीन-तीन लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
सम्मानित खिलाड़ियों में 51 ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और 368 ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए 13.55 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन के लिए 4.30 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई।
सावन बरवाल को 2.50 करोड़, सीमा कुमारी को डेढ़ करोड़
मुख्यमंत्री ने एशियन खेल-2026 में पुरुष मैराथन के रजत पदक विजेता एथलीट सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया। 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कुमारी को डेढ़ करोड़ रुपये से सम्मानित किया गया।
एशियन खेलों की महिला कबड्डी टीम में शामिल हिमाचल की रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये दिए गए। क्रिकेट खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया गया।
ओलंपिक पदक विजेताओं की इनामी राशि बढ़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की इनामी राशि तीन करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं की दो करोड़ से बढ़ाकर तीन करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं की एक करोड़ से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई है।
एशियाई खेलों और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के लिए पुरस्कार राशि 50 लाख से बढ़ाकर चार करोड़ रुपये, रजत के लिए 30 लाख से बढ़ाकर ढाई करोड़ और कांस्य पदक के लिए 20 लाख से बढ़ाकर
