पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-20 के शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा पर तीसरी कक्षा के बच्चे द्वारा किए गए बेरहमी से हमले के मामले में शनिवार को नया घटनाक्रम सामने आया। करीब 40 घंटे तक बेहोश रहने के बाद बच्ची को होश आ गया है। चंडीगढ़ पीजीआई में उसका उपचार चल रहा है। हमले में बच्ची के चेहरे और नाक की हड्डी में फ्रैक्चर आया है। शरीर पर भी कई चोटें हैं। डॉक्टरों के अनुसार चेहरे की हालत को देखते हुए सर्जरी करनी पड़ सकती है।
