लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से वैभव चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग; नशे से मृत युवक के शव को लेकर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मानसा। शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता एवं बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएसपी ने सांसद के रूप में उनके कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा डाली और नशे के कारण जान गंवाने वाले एक युवक के मामले में उठाई गई उनकी चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया।
हरसिमरत कौर बादल ने लोकसभा के नियम 223 के तहत औपचारिक नोटिस देकर विशेषाधिकार हनन का प्रश्न उठाने की अनुमति मांगी है। साथ ही पंजाब सरकार से मामले की विस्तृत रिपोर्ट और इससे संबंधित सभी दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करवाने का आग्रह किया है।
