देव संस्कृति के महाकुंभ मंडी शिवरात्रि महोत्सव का भव्य समापन : राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और जयराम ठाकुर ने पारंपरिक जलेब में लिया भाग

by

एएम नाथ। मंडी : प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी मंडी में सात दिनों तक चले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का समापन अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बतौर मुख्यातिथि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और विशेष अतिथि के रूप में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिरकत की। महोत्सव के अंतिम दिन का आगाज़ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा अत्यंत आध्यात्मिक वातावरण में किया गया, जहां उन्होंने सुबह सबसे पहले अधिष्ठात्री देवी माता टारना और बड़ा देव कमरूनाग के दरबार में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात, पारंपरिक ‘जलेब’ (शाही शोभायात्रा) के प्रस्थान से पूर्व जयराम ठाकुर ने मंडी के आराध्य देव राज माधव राय के मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा में भाग लिया और देव परंपराओं का निर्वहन किया। दोपहर बाद जब अंतिम भव्य जलेब निकाली गई, तो राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और जयराम ठाकुर एक साथ इस रथ यात्रा के साक्षी बने। इस दौरान उन्होंने चौहट्टा बाजार स्थित ऐतिहासिक बाबा भूतनाथ के मंदिर में भी दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। यह विशाल शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों, नरसिंगों और करनाल की मधुर ध्वनियों के बीच पूरे शहर की परिक्रमा करते हुए वापस पड्डल मैदान पहुंची, जहां राज्यपाल ने विधिवत रूप से इस सात दिवसीय मेले के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर मीडिया से भावुक संवाद करते हुए जयराम ठाकुर ने मंडी शिवरात्रि को ‘देवताओं का महाकुंभ’ बताते हुए कहा कि यह महोत्सव हमारी प्राचीन और समृद्ध देव संस्कृति का जीवंत संवाहक है, जहां साल भर के लंबे इंतजार के बाद 200 से अधिक देवी-देवता अपने देवालयों से निकलकर भक्तों को दर्शन देने मंडी जनपद पधारते हैं। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि राज्यपाल महोदय की गरिमामयी उपस्थिति ने इस वर्ष के उत्सव की चमक को और अधिक बढ़ा दिया है। ठाकुर ने जोर देकर कहा कि पारंपरिक जलेब केवल एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि देव और मानस के अटूट मिलन की एक अनुपम झलक है, जहां एक ओर देवता अपने आशीर्वाद से जनमानस को धन्य करते हैं, तो दूसरी ओर देवलुओं और श्रद्धालुओं का असीम उत्साह देखते ही बनता है। उन्होंने आह्वान किया कि पहाड़ी जीवन के अभिन्न अंग रहे इन पारंपरिक मेलों के संरक्षण और देव संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए समाज और सरकार को और अधिक गंभीर एवं सामूहिक प्रयास करने होंगे ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों से जुड़ी रहें। उन्होंने मंडी नगर स्थापना के 500वें वर्ष में प्रवेश की बधाई देते हुए कहा कि ये बहुत हर्ष का विषय है कि 2027 में मंडी अपनी स्थापना के पांच सौ वर्ष पूरे करेगा। समापन समारोह के इस ऐतिहासिक अवसर पर जयराम ठाकुर के साथ उनकी धर्मपत्नी डॉ साधना ठाकुर, सदर विधायक अनिल शर्मा, विधायक विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, चंद्रशेखर, पूर्ण चंद, दलीप ठाकुर, दीपराज, और नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने इस देव मिलन के साक्षी बनकर अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान प्रकट किया।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

योग करे शरीर निरोग : डा. रघुवीर

गांवों में मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस गढ़शंकर: प्राइमरी हेल्थ सैंटर पोसी के सीनियर मैडिकल अधिकारी डा. रघुवीर सिंह की अगुवाई में पीएचसी पोसी तथा 32 सब सैंटर तथा हेल्थ वैलनेस केंद्रों पर कम्युनिटी हेल्थ...
article-image
पंजाब

Special campaign will be run

Applications will be received for making new votes, deleting or changing them Hoshiarpur/Daljeet Ajnoha/August 17: A special campaign is being run by all the election registration officers of the district on 20th, 21st and...
article-image
हिमाचल प्रदेश

कुल्लू में अनियंत्रित होकर पेड़ पर गिरा पैराग्लाइडर, पायलट घायल

पायलट की हालत स्थिर, पर्यटक सुरक्षित एएम नाथ। कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की गड़सा पैराग्लाइडिंग साइट में रविवार को एक बार फिर से हादसा पेश आया। हादसे में पायलट को चोटें...
Translate »
error: Content is protected !!