बीबीएन, 30 मई (तारा) : बद्दी के धर्मपुर स्थित द मैक्स अकादमी स्कूल में सात दिवसीय भारतीय भाषा कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें इस वर्ष पंजाबी भाषा को विशेष रूप से चुना गया। कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को पंजाबी भाषा, संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराना था।
स्कूल की शिक्षिका मुस्कान ने बताया कि कैंप के दौरान विद्यार्थियों को पंजाबी भाषा की मूल जानकारी, अभिवादन, वर्णमाला, बोलचाल एवं संस्कृति से जुड़ी अनेक रोचक गतिविधियाँ सिखाई गईं। बच्चों ने पूरे उत्साह एवं रुचि के साथ सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को गुरुद्वारा साहिब का भ्रमण भी करवाया गया, जहाँ बच्चों ने सेवा भावना एवं सिख परंपराओं के बारे में जाना। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने पंजाबी लोक नृत्य गिद्धा एवं भांगड़ा सीखा। बच्चों को पंजाबी कढ़ाई कला तथा पारंपरिक खेलों की जानकारी भी दी गई। कैंप के अंतिम दिन लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मिलकर सेवा भाव से भोजन तैयार किया और सभी को परोसा। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण पंजाबी संस्कृति के रंगों से सराबोर दिखाई दिया।
बद्दी के द मेक्स अकादमी स्कूल में आयोजित कैंप में भाग लेते हुए विद्यार्थी
