पुनीत महाजन : चंडीगढ़, 3 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आज चंडीगढ़ प्रशासन इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली तथा सतत परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल, पैदल एवं सार्वजनिक बसों के माध्यम से अपने कार्यालय पहुंचकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा समय-समय पर दिए गए पर्यावरण संरक्षण, फिट इंडिया और स्वच्छ भारत के संदेशों से प्रेरित होकर चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान कई अधिकारी साइकिल से, कुछ पैदल तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी सार्वजनिक बसों से कार्यालय पहुंचे।
इस अवसर पर चीफ इंजीनियर सी.बी. ओझा, चीफ आर्किटेक्ट राजीव मेहता, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर जिगना के. सिंघाडिनिया, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर संदीप कुमार, डिवीजन नंबर-5 , एसडीओ विपिन कुमार डिवीजन नंबर-6 , एसडीओ सुमित दीक्षित ,राकेश कुमार, सुपरिंटेंडेंट तथा प्रोग्रामर गुरप्रीत सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने कहा कि साइकिल और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग न केवल प्रदूषण को कम करने में सहायक है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए अधिक से अधिक साइकिल एवं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन की यह पहल समाज में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरणादायक संदेश देने वाली रही।
