कांटी मशवा में 1.27 करोड़ की लागत से बने पीएचसी भवन का उद्योग मंत्री ने किया लोकार्पण

by

शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मिल रहा विस्तार, ग्रामीणों को घर-द्वार पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

एएम नाथ। पांवटा साहिब, 6 अगस्त: उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान कांटी मशवा में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन का विधिवत लोकार्पण किया। करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से तैयार इस भवन से क्षेत्र की तीन पंचायतों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

लोकार्पण कार्यक्रम से पहले क्षेत्रवासियों ने उद्योग मंत्री का पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री ने क्षेत्रवासियों को नए स्वास्थ्य केंद्र भवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।

मंत्री ने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पीएचसी कमरऊ, सतौन, चांदनी और कोटा पाब के भवनों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इन भवनों में चिकित्सकों के रहने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और फार्मासिस्ट सेवाएं दे रहे हैं।

शिलाई क्षेत्र में 70 करोड़ से अधिक के विकास कार्य जारी

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। लोक निर्माण विभाग सतौन उपमंडल के अंतर्गत लगभग 70 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं पर कार्य चल रहा है।

इनमें पीएचसी सतौन भवन के लिए 1.37 करोड़, पीएचसी कमरऊ के लिए 1.25 करोड़, पीएचसी कोटा पाब के लिए 56 लाख, पीएचसी चांदनी के लिए 55 लाख, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल सतौन के लिए 5 करोड़, सालवाला-सतौन सड़क के लिए 15.90 करोड़, मानल-कोड़गा सड़क के लिए 23 करोड़ और चिलॉन-चोंकी-मृगवाल सड़क के लिए 10 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि कांटी मशवा पीएचसी भवन का कार्य 1.26 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है। इसके अतिरिक्त मानल से कांटी मशवा सड़क की मेटलिंग, चांदनी से कठवार सड़क की मेटलिंग सहित कई अन्य विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

100 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल शिलाई का निर्माण प्रगति पर

उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई में 19 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य जारी है। इसके पूरा होने के बाद मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में नागरिक अस्पताल शिलाई में प्रतिदिन 250 से 300 मरीजों की ओपीडी हो रही है और यहां 10 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। इनमें ईएनटी, मेडिसिन, हड्डी रोग और महिला रोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि पहले कई मरीजों को उपचार के लिए पांवटा साहिब और नाहन रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब शिलाई में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

विभिन्न विकास कार्यों के लिए घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कांटी मशवा सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, कमरऊ सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, बड़वास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, खिल रोड के लिए 3 लाख रुपये और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पुस्तकालय के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने स्कूल की चारदीवारी निर्माण और खड्ड पर पुल लगाने का भी आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, जिला परिषद सदस्य खत्री सिंह ठाकुर, सीएमओ डॉ. राकेश प्रताप, बीएमओ के.एल. भगत, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता योगेश शर्मा, जल शक्ति विभाग शिलाई के अधिशाषी अभियंता पदम प्रकाश, बीडीओ राजेश नेगी, ओएसडी अत्तर राणा, ई.आई. उद्योग काका राम शर्मा, प्रधान कांटी मशवा प्रियंका चौहान, उपप्रधान खजान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

टाहलीवाल में बॉटलिंग प्लांट सील : 128033 बल्क लीटर शराब को किया जब्त – शराब से लदे ट्रक का चालक इस संबंध में दस्तावेज नहीं दिखा पाया

टाहलीवाल : टाहलीवाल के बॉटलिंग प्लांट का राज्य कर एवं आबकारी विभाग ऊना ने औचक निरीक्षण किया और अनियमितताएं पाए जाने पर स्टॉक जब्त कर प्लांट को सील कर लिया। गत 15 और 16...
article-image
हिमाचल प्रदेश

35 वर्षों से लटका तकसीम का मामला दो महीने में सुलझा, इंतकाल भी कर दिया – मिलाप चंद ने सरकार की राजस्व लोक अदालतों को सराहा

हमीरपुर :  भोरंज विधानसभा क्षेत्र के अतंर्गत कंज्याण गांव में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत संवाद के दौरान मिलाप चंद ने कहा कि 35 वर्षों से लटकी तकसीम को राजस्व लोक...
article-image
हिमाचल प्रदेश

युवक ने मंदिर में घुसकर माता के वस्त्र को लगा दी आग : ग्रामीणों ने मचाया बवाल तो आरोपी के परिजनों ने मांगी माफी

एएम नाथ :  चम्बा ।  सिल्लाघ्राट क्षेत्र के कलयु गांव में शनिवार सुबह उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब एक मंदिर में माता के पवित्र वस्त्र में आग लगाने का मामला...
article-image
हिमाचल प्रदेश

दून की नंदपुर पंचायत निर्विरोध निर्वाचित, कमल चौधरी बने प्रधान

बी बी एन,10 मई (तारा) : दून विधानसभा हलक के तहत नन्दपुर पंचायत ने पंचायत को सर्व सम्मति से चुनने का फैसला लिया है। पंचायत के वासियों ने आज बैठक के इसे अंतिम रूप...
Translate »
error: Content is protected !!