अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी, साइबर क्राइम और सड़क हादसों की स्थिति की समीक्षा; उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
रोहित जसवाल। ऊना: पुलिस लाइन ऊना में पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ, भा.पु.से. की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला ऊना में अपराध की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों, गंभीर अपराधों, सड़क दुर्घटनाओं, नशा तस्करी, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों और पुलिस चौकी प्रभारियों को अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ मामलों में त्वरित कार्रवाई करने, साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को मजबूत बनाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को आमजन को त्वरित और प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ऊना ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त या आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर बनाए रखने और स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ अभियान, यातायात अनुशासन और साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए गए।
अधिकारियों ने साझा की क्षेत्रवार रिपोर्ट
बैठक में पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध की स्थिति, पुलिस की उपलब्धियों, सामने आ रही चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना से संबंधित जानकारी साझा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपराध नियंत्रण के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।
उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मचारियों के बेहतर कार्य की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
