शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को यहां एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र तथा राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में स्थापित त्वरित घटना रिपोर्टिंग प्रणाली के तहत किए जा रहे विभिन्न निगरानी कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में स्थित विभिन्न बांधों से पानी छोड़े जाने तथा बरसात के दौरान होने वाले नुकसान से संबंधित सटीक और अद्यतन डेटा तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा या आपात स्थिति में सही जानकारी के आधार पर त्वरित निर्णय लेने के लिए डेटा का व्यवस्थित होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निगरानी एवं सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित विभागों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली और अधिकारियों को बरसात के मौसम में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव के.के. पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
