चंडीगढ़। पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास की ओर बढ़ने से रोकने के लिए मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में कथित बढ़ते नशे के खतरे, कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला भी फूंका गया।
बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने की पानी की बौछार
प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
वडिंग बोले- कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग ने आरोप लगाया कि आप सरकार के शासन में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने राज्य में कथित नशे के बढ़ते खतरे को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
वडिंग ने सरकार की शिक्षा नीति पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की ओर से जिस ‘शिक्षा क्रांति’ का दावा किया गया था, वह पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने पंजाब पर बढ़ते कर्ज का मुद्दा उठाते हुए सरकार की कथित भारी उधारी की भी आलोचना की।
प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, पूर्व विधायक राणा के.पी. सिंह, राज कुमार वेरका, जिला शहीद भगत सिंह नगर के जिलाध्यक्ष अजय मंगूपुर सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
