बरनाला। बरनाला जिले के धनौला थाने में गुरुवार सुबह एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे पहले युवक ने करीब तीन मिनट का वीडियो बनाकर पुलिस और पटवारी पर रिश्वत मांगने व परेशान करने के आरोप लगाए। जहरीला पदार्थ निगलने के बाद उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वीडियो में युवक ने अपनी पहचान जोबनप्रीत सिंह के रूप में बताते हुए कहा कि उसकी कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। घटना को 17 दिन बीत चुके हैं और बीमा क्लेम के लिए उसे DDR की जरूरत थी। युवक का आरोप है कि DDR दर्ज करवाने के लिए उससे पैसे मांगे गए और पुलिस कर्मचारी उस पर कार में खुद आग लगाने का आरोप लगा रहे थे।
युवक ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर पंचायत भी थाने पहुंची थी और पंचायत के सदस्यों ने लिखित रूप से पुष्टि की थी। इसके बावजूद उसे परेशान किया गया। उसने वीडियो में कहा कि वह कथित रिश्वतखोरी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल रहा है।
पटवारी पर 5 लाख रुपये लेने का आरोप
युवक ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी के एक पटवारी पर भी जमीन संबंधी मामले में 5 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। उसने जमीन के पुराने विवाद और गिरदावरी में बदलाव से जुड़े आरोप भी लगाए।
वीडियो में युवक ने अपनी मौत के लिए पुलिस कर्मचारियों और पटवारी को जिम्मेदार ठहराने की बात कही। हालांकि, युवक द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
भाई ने SHO पर मोबाइल छीनने का लगाया आरोप
घटना के बाद खुद को युवक का भाई बताने वाले व्यक्ति ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि घटना के बाद SHO थाने से बाहर चले गए और पुलिस ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। उसने यह भी दावा किया कि पुलिस कर्मचारियों ने थाने का मुख्य गेट बंद कर दिया।
SSP बोले—जांच के बाद होगी कार्रवाई
बरनाला के SSP मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि जहरीला पदार्थ निगलने वाला युवक फिलहाल स्थिर है और निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। उन्होंने कहा कि युवक ने दो मामलों को लेकर आरोप लगाए हैं, जिनमें दो पुलिस कर्मचारियों और एक पटवारी का नाम लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
SSP ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर मनजीत सिंह धनौला थाने में अतिरिक्त SHO का चार्ज संभाल रहे हैं।
