अंब, (ऊना) , 6 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के धुसाड़ा (अंब) में मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। उत्तर प्रदेश से हिमाचल के शक्तिपीठों के दर्शन के लिए आया एक परिवार अंब के धुसाड़ा स्थित ढाबे पर चाय-नाश्ता करने के दौरान अपने 8 वर्षीय बच्चे को वहीं भूल गया और टैम्पो ट्रैवलर में सवार होकर करीब 80 किलोमीटर आगे निकल गया।
बच्चे को जब माता-पिता और टैम्पो ट्रैवलर नजर नहीं आए तो वह ढाबे पर अकेला रोने लगा। स्थानीय लोगों ने बच्चे को परेशान देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अंब पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अंब चौक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर पुलिस ने टैम्पो ट्रैवलर का नंबर पता कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने वाहन के नंबर के जरिए पहले उसके मालिक और फिर चालक से संपर्क किया। चालक को जब पुलिस ने बच्चे के ढाबे पर छूट जाने की जानकारी दी, तो परिवार को भी अपनी गलती का पता चला। उस समय तक टैम्पो ट्रैवलर करीब 80 किलोमीटर दूर निकल चुका था।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि बच्चे के परिजनों को तत्काल वापस बुलाया गया। आवश्यक कागजी एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने अंब पुलिस और स्थानीय लोगों का आभार जताया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और CCTV के जरिए वाहन को ट्रेस करने से बच्चे को सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने में मदद मिली।
