वीरभद्र सिंह को भुलाकर हॉलीलॉज को ‘डिस्लॉज’ करने में जुटे हैं सीएम सुक्खू: जयराम ठाकुर
एएम नाथ। मंडी । हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के हालिया बयानों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री यह मान बैठे हैं कि वे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की विरासत और उनके सत्ता केंद्र ‘हॉलीलॉज’ को ‘डिस्लॉज’ (असरहीन) करने की कोशिशों में पूरी तरह सफल हो गए हैं, लेकिन कांग्रेस के भीतर का यह अंतर्विरोध अब जनता के सामने उजागर हो चुका है।

अपनों के योगदान को दरकिनार करना सीएम का रवैया:
जयराम ठाकुर ने रोहड़ू में मुख्यमंत्री के हालिया संबोधन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह वहां से पांच बार विधायक रहे और क्षेत्र के विकास में उनका ऐतिहासिक योगदान रहा। इसके बावजूद उसी स्थान पर जाकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने उनके योगदान को दरकिनार करने की कोशिश की। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान मुख्यमंत्री का यह स्वभाव बन चुका है कि वह न तो विपक्ष और न ही अपनी पार्टी के किसी अन्य बड़े नेता के योगदान को स्वीकार करना चाहते हैं। इसी तानाशाही रवैये के कारण आज पूरी कांग्रेस बिखर रही है।
अनिल शर्मा को नसीहत: संगठन के भीतर होगी चर्चा
पार्टी के वरिष्ठ विधायक अनिल शर्मा द्वारा सांसदों से सहयोग न मिलने के बयान पर जयराम ठाकुर ने डैमेज कंट्रोल करते हुए कहा कि अनिल शर्मा भाजपा के सम्मानित विधायक हैं। यदि उन्हें कोई शिकायत या समस्या है, तो उन्हें मीडिया में जाने के बजाय संगठन के मंच पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय को मीडिया में उछालना उचित नहीं है और पार्टी संगठन के भीतर इस पर गंभीरता से चर्चा की जाएगी।

कंगना के बहाने कर्ज संकट पर सुक्खू सरकार को घेरा
मंडी की सांसद कंगना रनौत के बयानों का बचाव करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सांसद ने जो भी कहा, वह प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति के संदर्भ में था। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने अपने छोटे से कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश को भारी-भरकम कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। एक तरफ राज्य सरकार वित्तीय कुप्रबंधन के कारण आर्थिक तंगी का रोना रो रही है, वहीं दूसरी तरफ केंद्र की मोदी सरकार लगातार हिमाचल को हर संभव आर्थिक मदद भेज रही है।
पीएम मोदी के नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने पर दीं शुभकामनाएं
इससे पूर्व, जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में चुने हुए कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित रंगोली कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास में यह एक गौरवशाली क्षण है और पूरा देश कामना कर रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी दीर्घायु हों और आने वाले कई वर्षों तक देश का नेतृत्व करते रहें।
