मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में 8 मंत्रियों की कमेटी गठित, नालागढ़-बद्दी में जमीन आवंटन को लेकर पूर्व सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
एएम नाथ। तपोवन (धर्मशाला), 16 नवंबर : हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार को तपोवन में शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही दिवंगत विधायक नंद लाल और पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू हुई। हालांकि, शोक प्रस्ताव के दौरान ही सदन में उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार को अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा। इससे पहले चुराह से भाजपा विधायक हंसराज ने भी इशारे से इस पर आपत्ति जताई थी।
सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस और भाजपा विधायक दल की अलग-अलग बैठकें हुईं। दोनों दलों ने सदन में एक-दूसरे को घेरने के लिए अपनी रणनीति तैयार की। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हिमाचल कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल भी मौजूद रहीं।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की घोषणा कर राजनीतिक माहौल गरमा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों और कथित अनियमितताओं की जांच के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आठ मंत्रियों की कमेटी गठित की गई है।
इस कमेटी में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजेश धर्माणी और विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य मंत्री शामिल हैं। कमेटी पूर्व भाजपा सरकार के दौरान हुए महत्वपूर्ण फैसलों, जमीन आवंटन और अन्य मामलों की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमेटी जल्द ही रिपोर्ट जनता के सामने रखेगी, ताकि पूर्व सरकार के कार्यकाल से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जा सके।
नालागढ़-बद्दी में जमीन आवंटन को लेकर पूर्व सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और नियमों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए कहा कि कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर नालागढ़ और बद्दी में करीब 5,000 बीघा जमीन 99 साल की लीज पर आवंटित की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में नियमों और पंजीकरण संबंधी प्रावधानों की अनदेखी की गई तथा जमीन महज एक करोड़ रुपये में लीज पर दे दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्वेत पत्र के माध्यम से ऐसे सभी मामलों का विवरण जनता के सामने रखा जाएगा। सरकार का उद्देश्य पूर्व सरकार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों और उनसे जुड़े वित्तीय एवं प्रशासनिक पहलुओं को सार्वजनिक करना है।
शोक प्रस्ताव के दौरान सदन में बनी असहज स्थिति
उधर, सदन में दिवंगत विधायक नंद लाल और पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान सदस्यों ने दोनों नेताओं के राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान को याद किया।
शोक प्रस्ताव पर विचार रखते हुए भाजपा विधायक हंसराज ने कहा कि जब सदन में दिवंगत नेताओं के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हों तो सभी सदस्यों को विधानसभा की गरिमा और परंपराओं का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार को अपनी सीट पर बैठना चाहिए था।
सदन में करीब सवा घंटे तक शोक संवेदनाएं व्यक्त की गईं। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।
फोटो कैप्शन: तपोवन विधानसभा में शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही में भाग लेते मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और अन्य विधायक।
