जालंधर के दलजीत और गुरविंदर के शव 18 दिन बाद अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे; मामा पर तेजधार हथियारों से हत्या करने का आरोप, ग्रीस पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जालंधर। बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना लेकर ग्रीस गए जालंधर के दो सगे भाइयों की विदेश में हत्या कर दी गई। शाहकोट के गांव तलवंडी संघेड़ा निवासी 26 वर्षीय दलजीत सिंह और 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह की 3 नवंबर को कथित तौर पर तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। इस वारदात का आरोप उनके दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह पर लगा है, जिसे परिवार उनका मामा बता रहा है। ग्रीस पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात के करीब 18 दिन बाद शुक्रवार सुबह दोनों भाइयों के शव अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। शव गांव पहुंचने की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने आर्थिक तंगी के बावजूद कर्ज लेकर बेटों को विदेश भेजा था, ताकि उनका भविष्य बेहतर हो सके और घर की हालत सुधर सके।
कर्ज लेकर बड़े बेटे को भेजा था ग्रीस
मृतकों के पिता बूटा सिंह ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उनके तीन बेटे हैं। करीब आठ महीने पहले जालंधर के गुमटाली निवासी दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह ने बड़े बेटे दलजीत को वर्क परमिट पर ग्रीस भेजने का प्रस्ताव दिया था। परिवार ने कर्ज लेकर दलजीत को विदेश भेजा।
वहां पहुंचने के करीब पांच महीने बाद दलजीत ने अपने छोटे भाई गुरविंदर को भी ग्रीस बुला लिया। गुरविंदर करीब तीन महीने पहले वहां पहुंचा था। दोनों भाइयों को उम्मीद थी कि विदेश में मेहनत करके वे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सकेंगे।
पिग फार्म में करते थे काम
परिजनों के अनुसार, ग्रीस पहुंचने के बाद दोनों भाई एक पिग फार्म यानी सूअर पालन केंद्र में काम करने लगे थे। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन 3 नवंबर को हुई वारदात ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
पिता बूटा सिंह का आरोप है कि संदीप सिंह ने दोनों भाइयों पर अलग-अलग स्थानों पर तेजधार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी ने वारदात का वीडियो बनाया था।
ग्रीस पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
दोनों भाइयों की हत्या के मामले में ग्रीस पुलिस ने संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, परिवार को आशंका है कि इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। मृतकों के पिता बूटा सिंह, मां बलजिंदर कौर और बड़े भाई सुपिंदर सिंह ने केंद्र सरकार और पंजाब सरकार से मामले की गहन जांच करवाने की मांग की है।
परिवार ने मांग की है कि हत्या में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच हो और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाए।
