बर्फबारी के दौरान आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बहुआयामी तैयारी आवश्यक – DC अनुपम कश्यप

by
उपायुक्त की अध्यक्षता में बर्फ़बारी से निपटने की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
एएम नाथ। शिमला : उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि बर्फबारी के दौरान किसी भी व्यक्ति और पर्यटक को परेशानी का सामना न करना पड़े इसलिए सभी विभाग बहुआयामी तैयारी करके रखें। शिमला में बर्फबारी से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और इस सन्दर्भ में आज यहाँ उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि बर्फबारी के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दें ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। ऐसी स्थिति में बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष बर्फबारी के दौरान जिला प्रशासन ने बेहतरीन कार्य किया था जिसके लिए उपायुक्त ने सभी अधिकारियों की सराहना की।
***सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने कार्यालय का करवाएं सेफ्टी ऑडिट
उपायुक्त ने कहा सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने कार्यालय का सेफ्टी ऑडिट करवाएं ताकि किसी भी प्रकार की संभावित आपदा को पहले रोका जा सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जिला के सभी स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थानों को सेफ्टी ऑडिट करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिला शिमला में विभिन्न स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुई थी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सर्दियों में लोग बड़े स्तर पर आग और अलाव जलाते हैं जिनसे आगजनी का खतरा रहता है। इसलिए हर एक क्षेत्र में लोगों को इस दिशा में जागरूक करना ज़रूरी है।
***सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में करें बैठक
उपायुक्त ने सभी उपमंडल दण्डाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसी बैठक आयोजित कर आकस्मिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपमंडल दंडाधिकारी अपने क्षेत्र में आर्मी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ से तालमेल बनाकर रखें। सभी अपने क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं जैसे राशन, गैस सिलेंडर और डीजल का भण्डारण समय रहते सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि सभी उपमंडल दण्डाधिकारी यह सुनिश्चित करें की बर्फबारी और ठंड की वजह से किसी भी व्यक्ति को कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी उपमंडल दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आपदा मित्रों के साथ भी समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिए और जरुरत पड़ने पर उनकी सेवाएं लेने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला के सभी उपमंडल में आपदा मित्रों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया है और बर्फबारी से उत्पन्न होने वाली आपदा स्थिति के दौरान उनकी सेवाएं भी मददगार साबित होंगी। उन्होंने बताया कि जिला की विभिन्न पंचायतों और आपदा मित्रों को आपदा से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से किट वितरित की गई हैं जिनका लाभ आपदा के दौरान लोगों को बचाने में मिल सकता है। इसके तहत जिला के छोहारा विकास खंड की 30 पंचायतें, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतों को सुरक्षा किट प्रदान की गयी है।
अनुपम कश्यप ने सभी एसडीएम को बर्फ़बारी से निपटने के लिए जिन भी वस्तुओं की आवश्यकता है, उसकी सूची कल तक उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए ताकि मामले को आगामी कार्यवाई के लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष उठाया जा सके।
***विंटर कार्निवाल को लेकर भी रखें पूर्ण तयारी
उपायुक्त ने कहा कि विंटर कार्निवाल का आयोजन 25 से 31 दिसंबर 2026 को किया जा रहा है और इस दौरान प्रतिदिन शहर में लगभग 12 हजार वाहन पहुँचने की उम्मीद रहती है। इसलिए सभी विभागों को बहुआयामी तयारी रखनी होगी ताकि पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस विभाग को इस दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए ताकि शहर सहित पूरे जिला में कानून व्यवस्था बनी रहे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने शहर के सभी सीसीटीवी कैमरा की भी जांच करने के निर्देश दिए और आवश्यकतानुसार नए कैमरा लगाने को कहा।
***बिजली, पानी की दुरुस्त रखें व्यवस्था
उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड के अधिकारियों को बर्फबारी के दौरान पीने की पानी की व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बिजली विभाग के अधिकारियों को भी बर्फबारी के दौरान अबाधित बिजली उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने वन क्षेत्रों से निकल रही बिजली लाइनों का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि बर्फ़बाफि के दौरान बिजली, पानी और सड़क सुविधा को जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिश करें।
***दवाई और आवश्यक सामन का हो पूरा स्टॉक
बर्फबारी के दौरान सबसे पहले अस्पताल जाने वाले रास्तों को खोलना जिला प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इमरजेंसी के लिए एंबुलेंस के टायर पर चेन लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि बर्फबारी में भी एंबुलेंस चलाई जा सके। इसके अतिरिक्त, सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाइयों की उपलब्धता और चोट लगने की स्थिति में आवश्यक सामान होना जरूरी है।
***आपदा की स्थिति में 1077 पर करें संपर्क
बैठक में बताया गया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का संचालन 24×7 किया जा रहा है जिसमें टोल फ्री नंबर 1077 पर किसी भी आपदा की जानकारी दी जा सकती है।
***पांच सेक्टर में बांटा शिमला
जिला प्रशासन ने बर्फबारी से निपटने के लिए शिमला को पांच सेक्टर में बांटा है और हर एक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी भी तैनात किया जाएगा।
• सेक्टर-1- संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा, बल्देयां।
• सेक्टर-2- ढली-संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल, कैथु, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस, अनाडेल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय।
• सेक्टर-3- टूटीकंडी बाईपास से शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटु, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस और विकास नगर।
• सेक्टर-4- डीसी ऑफिस, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड से छोटा शिमला तक, ओक ओवर, यूएस क्लब, रिज, होली लॉज, जाखू, रिच माउंट, रामचन्द्र चौक, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय।
• सेक्टर-5- हिमाचल प्रदेश सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी और नव बहार।
***प्राथमिकता के आधार पर खोले जाने वाले मार्ग
संजौली से आईजीएमसी
चम्याणा अस्पताल रोड
आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल
केएनएच से कार्ट रोड
राजभवन से ओक ओवर
होली लॉज से रिज, रिच माउंट, यूएस क्लब, ओक ओवर और सचिवालय।
बालूगंज से पीटरहॉफ से चौड़ा मैदान से एजी ऑफिस।
लिफ्ट से हाईकोर्ट से ओक ओवर से छोटा शिमला।
कार्ट रोड से विक्ट्री टनल से सचिवालय
कार्ट रोड से विक्ट्री टनल से लक्कड़ बाजार होते हुए संजौली
कैनेडी चौक से अन्नाडेल।
छोटा शिमला से कसुम्पटी और पंथाघाटी
मेहली से शोघी होते हुए टूटीकंडी।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, विभिन्न उपमंडल के एसडीएम, विभिन्न विभागों के कार्यालयध्यक्ष भी उपस्थित रहे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

पंजाबी सिंगर प्रिंस रंधावा को आया गुस्सा, चला दी गोली : मोहाली में रोडरेज! कार की टक्कर के बाद झगड़ा

मोहाली। पंजाबी सिंगर प्रिंस रंधावा को रोडरेज में गुस्सा आ गया और नौबत यहां तक आ पहुंची की उन्होंने गोली तक चला दी। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फेज-11 थाने में मामला दर्ज...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस : होशियारपुर जिले में नगर कीर्तन का भव्य स्वागत- दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

मुकेरियां, दसूहा, गढ़दीवाला से होते हुए गुरुद्वारा श्री रामपुर खेड़ा पहुंचा नगर कीर्तन -22 नवंबर को भूंगा, हरियाना, भीखोवाल, होशियारपुर, चब्बेवाल, माहिलपुर व गढ़शंकर होते हुए श्री आनंदपुर साहिब होगा रवाना -इतिहास में पहली...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

कांग्रेस नेता को जगदीप धनखड़ के इस्तीफे में दिखी ‘जाट’ वाली वजह….सत्यपाल मलिक का भी कर दिया जिक्र

नई दिल्ली । काग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने उपराष्ट्रपति के पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के पीछे अब ‘जाट’ फैक्टर वाला दावा किया है। दलित नेता ने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सादगी से मनाया मुकेश अग्निहोत्री ने जन्मदिन : अमित शाह ने भी फोन कर दी बधाई

गौसेवा से की दिन की शुरुआत, गोंदपुर बुल्ला में लोगों के साथ काटा केक; युवाओं ने लगाया रक्तदान शिविर रोहित जसवाल।  हरोली (ऊना), 9 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार...
Translate »
error: Content is protected !!