गौसेवा से की दिन की शुरुआत, गोंदपुर बुल्ला में लोगों के साथ काटा केक; युवाओं ने लगाया रक्तदान शिविर
रोहित जसवाल। हरोली (ऊना), 9 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को अपना जन्मदिन सादगी के साथ मनाया। इस अवसर पर ऊना जिले के गोंदपुर बुल्ला स्थित सामुदायिक पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। अग्निहोत्री ने स्थानीय लोगों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। दिनभर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों के बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।
मुकेश अग्निहोत्री ने अपने जन्मदिन की शुरुआत जखेवाल स्थित सिद्ध बाबा बालकनाथ गौशाला में गौसेवा से की। उन्होंने गौमाता को चारा खिलाया और संत बाबा ढांगू वाले अनूप जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
जन्मदिन पर युवाओं ने लगाया रक्तदान शिविर
गोंदपुर बुल्ला के सामुदायिक पार्क में स्थानीय युवाओं की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़े ऐसे प्रयास समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।
अमित शाह और मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी बधाई
जन्मदिन के अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री को देशभर से शुभकामना संदेश मिले। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने फोन कर उन्हें बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी फोन के माध्यम से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रिमंडल के सहयोगियों, विभिन्न राज्यों के राजनीतिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने फोन
