कुल्लू में दर्दनाक हिट एंड रन… पिकअप की टक्कर से मंडी के 25 वर्षीय युवक की मौत : जुड़वां भाई से बिछड़ा साथ

by

बबेली में बाइक को टक्कर मारकर करीब दो किलोमीटर तक घसीटता रहा चालक, दोस्त गंभीर रूप से घायल; आरोपी गिरफ्तार

मंडी/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-3 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मंडी के 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। बबेली में आईटीबीपी कैंप के पास एक पिकअप कैंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बाइक को वाहन के साथ करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाद में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे मंडी जिले के जैंजहली क्षेत्र के बायला गांव निवासी 25 वर्षीय चेतन पुत्र टीकम सिंह अपने दोस्त योगेश के साथ बाइक पर कुल्लू से मनाली की ओर जा रहा था। इसी दौरान बबेली में आईटीबीपी कैंप के पास मनाली की तरफ से आ रही पिकअप कैंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पिकअप के साथ फंसकर कई मीटर तक घिसटती चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को काफी दूर तक घसीटता रहा। स्थानीय लोगों ने दोनों घायल युवकों को वाहन की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चेतन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त योगेश का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।

जुड़वां भाई से हमेशा के लिए छूटा साथ, गांव में मातम

हादसे ने चेतन के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। चेतन अपने जुड़वां भाई चिराग के साथ बड़ा हुआ था, लेकिन सड़क हादसे ने दोनों का साथ हमेशा के लिए छीन लिया। चेतन ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और मनाली के एक निजी होटल में काम करता था। उसका जुड़वां भाई चिराग सुंदरनगर में पढ़ाई कर रहा है। परिवार में उनकी एक बहन भी है।

जवान बेटे की मौत से पिता टीकम राम पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बायला गांव में शोक का माहौल है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घायल दोस्त कुल्लू में करता है डिलीवरी का काम

हादसे में घायल योगेश मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र के सुराह गांव का निवासी है। वह कुल्लू में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है। जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात वह अपने दोस्त चेतन को छोड़ने के लिए बाइक पर जा रहा था। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

अस्पताल में इलाज को लेकर भी उठे सवाल

हादसे के बाद कुछ लोगों ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि गंभीर रूप से घायल युवकों को आपातकालीन स्थिति के अनुरूप तत्काल उपचार नहीं मिला और सामान्य मरीजों की तरह प्रक्रिया अपनाई गई। हालांकि, इन आरोपों पर अस्पताल प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।

पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

जनभागीदारी से बनेगा समृद्ध हिमाचल का रोडमैप

रोहित जसवाल।  ऊना, 19 अगस्त. आत्मनिर्भर और समृद्ध हिमाचल के निर्माण का 20 वर्षीय रोडमैप जनता की सक्रिय भागीदारी से तैयार होगा। राज्य सरकार ने “समृद्ध हिमाचल–2045” पहल के तहत नागरिकों से ऑनलाइन सुझाव...
article-image
हिमाचल प्रदेश

एसजीपीसी चुनावों के लिए मतदाता पंजीकरण 31 जुलाई तक

ऊना, 21 जून – शिरोमणी गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्य 31 जुलाई, 2024 तक किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि निदेशक...
article-image
हिमाचल प्रदेश

महिलाओं को उनके अधिकारों से अवगत करवाएँ सम्बंधित विभाग : एडीएम अमित मैहरा

चेतना 4.0 – राष्ट्रीय लैंगिक अभियान के तहत जिला स्तरीय बैठक आयोजित अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा ने की अध्यक्षता एएम नाथ। चम्बा :  जिला चंबा में नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय लैंगिक अभियान के...
article-image
हिमाचल प्रदेश

ऊना के गांव बसोली का रोहित जसवाल मर्चेंट नेवी में बना कैप्टन

लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर पाया मुकाम एएम नाथ। ऊना :  जिला ऊना के गांव बसोली रोहित जसवाल ने अपनी लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर मर्चेंट नेवी में...
Translate »
error: Content is protected !!