आदर्श आचार संहिता की अनुपालना में सहयोग करें सभी राजनीतिक दल : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने किया आग्रह

by
एएम नाथ / अजायब सिंह बोपाराय। हमीरपुर 12 मार्च। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे आगामी लोकसभा चुनाव के लिए लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने, निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने और इसमें अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में हरसंभव सहयोग प्रदान करें। मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह अपील की।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हमेशा बहुत ही समृद्ध एवं स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराएं रही हैं। यहां हर निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक नेता और आम लोग बहुत ही शांतिपूर्वक ढंग भाग लेते हैं तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में इन्हीं परंपराओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि सभी पात्र लोगों विशेषकर, 18-19 वर्ष के आयु वर्ग के सभी युवाओं के नाम मतदाता सूचियों में शामिल करवाने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं को घर से ही मतदान करने का विकल्प दिया जाएगा। आवश्यक सेवाओं में तैनात अधिकारी-कर्मचारी पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें फॉर्म-12 के लिए आवेदन करना होगा।
उन्होंने कहा कि जिले में आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः अनुपालना के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कड़ी व्यवस्था रहेगी। राजनीतिक पार्टियों एवं उम्मीदवारों के चुनावी खर्चे पर भी आयोग की कड़ी नजर रहेगी। कोई भी उम्मीदवार 95 लाख रुपये तक का खर्चा कर सकता है। इस पर नजर रखने के लिए जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 3 उड़न दस्ते, 3 निगरानी दल, 2 वीडियो निगरानी दल, 5 वीडियो व्यूइंग टीमें, एक अकाउंटिंग टीम, एक सहायक व्यय पर्यवेक्षक, पूरे जिले के लिए पुलिस पर्यवेक्षक, आयकर पर्यवेक्षक और कई अन्य अधिकारी हर समय तैनात रहेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि चुनावी रैलियों और सभाओं इत्यादि के लिए सभी राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों को सुविधा पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। ये आवेदन निर्धारित अवधि के भीतर करने होंगे। चुनाव प्रचार में प्रयोग होने वाले वाहनों, लाउड स्पीकरों, पोस्टरों-बैनरों और अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी संबंधित अधिकारी से अनुमति अनिवार्य होगी। राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा के बाद इन सभी व्यवस्थाओं की दरें निर्धारित कर दी जाएंगी और इन्हीं दरों के आधार पर उम्मीदवारों के खर्च की गणना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों की अनुपालना के लिए वह हर सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों की शिकायत के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की है। लिहाजा, इस अवधि के दौरान कई लोगों की ओर से ऑनलाइन शिकायतें भी दर्ज हांेगी और निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित अवधि के भीतर इन शिकायतों का निवारण भी करना होगा। इसलिए सभी राजनीतिक दल निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना में जरा भी कोताही न बरतें।
बैठक में निर्वाचन विभाग के तहसीलदार उपेंद्रनाथ शुक्ला ने आयोग के विभिन्न दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली भी समझाई। इस अवसर पर एडीसी मनेश यादव, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

भाकृअनुप-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान क्षेत्रीय केन्द्र, पालमपुर द्वारा जनजातीय उप-योजना के अंतर्गत भेड़ पालन विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन

एएम नाथ । पालमपुर : भाकृअनुप-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान क्षेत्रीय केन्द्र, पालमपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण किया, जिसमें 48 प्रतिभागियों ने उपस्थिति दी। डा. गोरख मल, प्रमुख क्षेत्रीय केन्द्र ने...
article-image
हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री ने की कांग्रेस युवा संवाद कार्यक्रम की सराहना : प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर वर्तमान राज्य सरकार की उपलब्धियां और नीतियों के बारे में लोगों को अवगत करवाया जा रहा

एएम नाथ। शिमला :  कांग्रेस युवा संवाद के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री  सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और इस कार्यक्रम के बारे में विस्तार से उन्हें जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सत्ती ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित ऊना प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की

ऊना, 28 सितंबरः छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने 7 अक्तूबर को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के प्रस्तावित प्रवास की तैयारियों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि...
article-image
हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री राहत कोष से 64 लाभार्थियों को दी 85 लाख की दी राहत : राम कुमार

सरकार की नीतियों का लाभ उठाने के लिए आगे आएं: राम कुमार ऊना 16 फरवरी: हिमाचल प्रदेश उद्योग विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने आज हरोली लघु सचिवालय में 64 लाभार्थियों को...
Translate »
error: Content is protected !!