रोहित जसवाल। ऊना, 19 अगस्त। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को जिला परिषद सभागार ऊना में जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए तथा लोगों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
पटवारखानों और पंचायत घरों की होगी विशेष समीक्षा
मुकेश अग्निहोत्री ने उपायुक्त को जिले में पटवारखानों और नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा के लिए बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारखानों के निर्माण और नए पटवारखाने खोलने के प्रस्तावों का समेकित विवरण तैयार करने को कहा।
नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के लिए भूमि से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए गए। जहां भूमि उपलब्धता, हस्तांतरण या प्रशासनिक पेचीदगी है, वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
निर्वाचित प्रधान के अधिकारों का सम्मान जरूरी
पंचायतों में प्रधान की भूमिका को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचित प्रधान के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी अन्य व्यक्ति का पंचायत के कार्यों में अनुचित हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि महिला प्रधान के निर्वाचित होने की स्थिति में भी किसी अन्य व्यक्ति द्वारा स्वयं को प्रधान समझकर पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप करना उचित नहीं है। प्रधान महिला हो या पुरुष, वह जनता का निर्वाचित प्रतिनिधि है और उसकी भूमिका एवं अधिकारों का सम्मान होना चाहिए।
जरूरत और फिजिबिलिटी के आधार पर खुलेंगे नए बस रूट
बस रूटों की मांगों पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जहां वास्तविक आवश्यकता होगी, वहां बस सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार तैयार है। हालांकि, नए रूट शुरू करने से पहले फिजिबिलिटी और पर्याप्त सवारियों की उपलब्धता को ध्यान में रखना जरूरी है।
उन्होंने एम्स बिलासपुर और श्री चिंतपूर्णी के लिए शुरू की गई बस सेवा के सफल संचालन पर प्रसन्नता जताई। नए बस रूटों के सुझावों का विभागीय स्तर पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
रामपुर-संतोषगढ़ पुल के लिए धनराशि मंजूर
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि रामपुर-संतोषगढ़ पुल के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
जन्माष्टमी से पहले आश्रम मार्ग पर होगी स्ट्रीट लाइट
मुकेश अग्निहोत्री ने नगर निगम ऊना के अधिकारियों को ऊना-हमीरपुर मार्ग पर बाबा बाल जी महाराज आश्रम के गेट तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
लता मंगेशकर कला केंद्र के लिए आत्मनिर्भर मॉडल पर जोर
लता मंगेशकर कला केंद्र के रखरखाव और संचालन को लेकर उपमुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर मॉडल अपनाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षभर बुकिंग सुनिश्चित करने और संचालन किसी उपयुक्त संस्था या एजेंसी को सौंपने सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार करने को कहा, ताकि केंद्र का बेहतर रखरखाव और टिकाऊ संचालन हो सके।
ऊना अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं पर जोर
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने ऊना अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने, बाउंड्री वॉल और चिकित्सकों के अवकाश के दौरान मरीजों की देखभाल से जुड़े मुद्दे उठाए।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी चिकित्सक के अवकाश पर रहने से मरीजों के उपचार और देखभाल की व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल में निर्माणाधीन नए भवनों को देखते हुए पर्याप्त बिस्तरों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में उपायुक्त जतिन लाल ने जिला प्रशासन की ओर से जन शिकायतों के समयबद्ध निवारण के प्रति प्रतिबद्धता जताई। अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।
इस अवसर पर कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, हिमाचल युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस हरोली अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथ्वी पाल सिंह, सहायक आयुक्त विनय मोदी, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
