उपायुक्त ने प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र किये वितरित, हैम रेडियो को हॉबी के रूप में अपनाने का किया आह्वान
आपदा की स्थिति में हैम रेडियो विश्वसनीय एवं प्रभावी संचार माध्यम बन सकता है – अपूर्व देवगन
एएम नाथ: मंडी, 28 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी के समन्वय से हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग के राज्य प्रशिक्षण केंद्र, डांगसीधार (मंडी) में 23 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित 6 दिवसीय एमेच्योर एवं कम्युनिटी रेडियो (हैम) प्रशिक्षण कार्यक्रम आज संपन्न हो गया ।
समापन अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि आपदा की स्थिति में संचार व्यवस्था बाधित होना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे समय में हैम रेडियो विश्वसनीय एवं प्रभावी संचार माध्यम के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने में सहायक होते हैं।
उपायुक्त ने प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र वितरित किए तथा कहा कि यदि इसे हॉबी के रूप में अपनाया जाए तो इसमें बेहतर दक्षता हासिल की जा सकती है और आपदा के समय प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्रोत व्यक्ति केंद्रीय संचार मंत्रालय के सेवानिवृत्त डीडीजी वी.के. आर्य तथा दिल्ली हैम रेडियो संस्थान की सचिव कुसुम ने प्रतिभागियों को एमेच्योर रेडियो संचालन, संचार तकनीक तथा आपदा के समय वैकल्पिक संचार व्यवस्था स्थापित करने संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
