कमरे के दरवाजे और खिड़कियां अंदर से थीं बंद, अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
एएम नाथ। चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में 22 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला, जब देर रात तक कमरे में तेज आवाज में गाने बजते रहे। मां ने कमरे के अंदर झांककर देखा तो बेटे का शव लटका हुआ था।
मामला उपतहसील पुखरी के तहत ग्राम पंचायत कंदला के बनगाटी गांव का है। मृतक की पहचान सुधीर कुमार (22) निवासी बनगाटी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुधीर बुधवार रात घर पहुंचने के बाद अपने कमरे में चला गया और वहां तेज आवाज में वूफर बजाने लगा। देर रात तक जब कमरे से गानों की आवाज आती रही तो उसकी मां उसे देखने पहुंची।
कमरे का दरवाजा और खिड़कियां अंदर से बंद थीं। मां ने खिड़की के शीशे से अंदर देखा तो सुधीर को फंदे से लटका पाया। इसके बाद चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल चंबा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
