चिट्टा मुक्ति हिमाचल – एक संकल्प, एक दिशा के तहत 26 दिसंबर को बिलासपुर में महा वॉकथॉन मंत्री राजेश धर्माणी ने तैयारियों की समीक्षा बैठक

by
एएम नाथ। बिलासपुर, 22 दिसंबर चिट्टे के विरुद्ध प्रदेश सरकार की व्यापक और सशक्त मुहिम चिट्टा मुक्ति हिमाचल – एक संकल्प, एक दिशा के अंतर्गत 26 दिसंबर को बिलासपुर शहर में आयोजित की जा रही भव्य महा वॉकथॉन को लेकर जिला मुख्यालय के बचत भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि यह कार्यक्रम नशे के विरुद्ध प्रदेश सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 26 दिसंबर को बिलासपुर में महा वॉकथॉन कि अध्यक्षता करेंगे ।
उन्होंने बताया कि शिमला, धर्मशाला और हमीरपुर के बाद जिला बिलासपुर में यह चौथा बड़ा आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह महा वॉकथॉन केवल एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना को मजबूत करने की एक सशक्त और सतत पहल है।
मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की इस महा वॉकथॉन में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों के कार्यक्रम स्थल तक आवागमन के लिए पर्याप्त परिवहन व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक शिक्षण संस्थान के लिए प्रशासन की ओर से एक नोडल अधिकारी, पुलिस विभाग की ओर से एक अधिकारी तथा संबंधित स्कूल की ओर से एक अध्यापक की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन और समन्वय सुचारू रूप से बना रहे।
मंत्री राजेश धर्माणी ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि महा वॉकथॉन के दौरान निर्धारित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को चरणबद्ध तरीके से नियंत्रित किया जाए तथा वैकल्पिक यातायात मार्गों को पूर्व से अधिसूचित किया जाए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, कार्यक्रम स्थल एवं वॉकथॉन मार्ग पर सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त बैरिकेडिंग, स्वयंसेवकों की तैनाती और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आयोजन पूर्णतः सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने संबंधित जल शक्ति विभाग को आयोजन स्थल पर पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार के लिए हेल्थ बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग को किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि महा वॉकथॉन में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी की सुरक्षा और संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और अनुशासित बनाने के लिए सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और तत्परता से निर्वहन करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस महा वॉकथॉन में लगभग 15 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का अनुमान लगाया गया है, जिसमें विशेष रूप से नशे के प्रति संवेदनशील माने जा रहे रेड जोन की पंचायतों के जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, आशा वर्कर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से शामिल होंगे, ताकि नशा विरोधी संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि महा वॉकथॉन का शुभारंभ बॉयज स्कूल बिलासपुर से होगा, जहां सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई जाएगी। इसके उपरांत वॉकथॉन शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए लगभग 2.2 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए कंट्रोल रूम नंबर 112, स्थानीय कंट्रोल रूम नंबर 8626849288 तथा नोडल अधिकारी डीएसपी के मोबाइल नंबर 985771100 पर संपर्क किया जा सकता है।
समीक्षा बैठक में उपायुक्त बिलासपुर, पुलिस अधीक्षक सहित जिला के सभी विभागाध्यक्ष तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

जिला प्रशासन बिलासपुर की पहल — इस शुक्रवार बिलासपुर कॉलेज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए आयोजित होगी विशेष कार्यशाला

सिविल स्टेप इंस्टिट्यूट के विशेषज्ञ देंगे परीक्षा तैयारी की रणनीति, योजना और मार्गदर्शन बिलासपुर, 03 दिसम्बर :  जिला प्रशासन बिलासपुर युवाओं को सिविल सेवाओं एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु प्रभावी तैयारी, करियर मार्गदर्शन और...
article-image
हिमाचल प्रदेश

40 पीटीए अध्यापकों की सेवाओं को संभावित तिथि से बहाल करने का निर्णय : हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल के निर्णय

शिमला : मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आज यहां प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक आयोजित की गई। मंत्रिमंडल ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए शीर्ष संस्थान...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

भतीजे की है शादी : इंस्पेक्टर परमजीत सेखों पहन सकेंगी अब गहने, सीबीआई के कब्जे से 15 दिन के लिए रिलीज होंगे गहने, 80 लाख देनी होगी पहले श्योरिटी

चंडीगढ़ :  आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसे इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह सेखों की पत्नी इंस्पेक्टर परमजीत कौर सेखों को सीबीआई कोर्ट ने 15 दिन के लिए उनके गहने लौटाए जाने के आदेश...
article-image
हिमाचल प्रदेश

प्राकृतिक खेती के प्रोत्साहन के लिए बजट में 15 करोड़ रुपए का प्रावधान- यादविंद्र गोमा*

*भुआणा में प्राकृतिक खेती के अंतर्गत एक दिवसीय सामूहिक संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित* एएम नाथ। पंचरुखी, 17 दिसंबर :  आयुष युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि किसानों और बागवानों की आजीविका...
Translate »
error: Content is protected !!