गढ़शंकर, 26 अक्टूबर । गढ़शंकर पुलिस ने गांव बोड़ा निवासी एक महिला के साथ मारपीट करने और उसके कपड़े फाड़ने के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामला गांव की पंचायत के साथ जमीन को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस को दिए बयान में रानो पुत्री दर्शन सिंह निवासी गांव बोड़ा ने आरोप लगाया कि उनकी गांव की पंचायत के साथ जमीन को लेकर विवाद था। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था।
रानो के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे बिसंबर कुमार पुत्र करम चंद, यशपाल पुत्र बिसंबर कुमार, अमित कुमार पुत्र दर्शन लाल, रितेश कुमार पुत्र राजिंदर कुमार, सुनील दत्त पुत्र मुलख राज, सनी कुमार पुत्र सुनील दत्त, संजीव कुमार पुत्र गुरबख्श राय, राकेश कुमार पुत्र तरलोक चंद और नीतीश पुत्र लाडी सहित कुछ अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उक्त लोगों ने घर पर हमला करते हुए जमीन पर कब्जा करने की बात कही और उनके तथा उनके भाई हैप्पी के साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
