बगलामुखी मंदिर में माथा टेककर लौट रहे थे दिल्ली; बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने रोकी कार, देखते ही देखते वाहन जलकर राख
रोहित जसवाल। ऊना। ऊना-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर नंदपुर में शनिवार देर रात दिल्ली के पर्यटकों की सियाज कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कार में सवार तीनों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर राख हो गया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के तिलक नगर निवासी अनीश कुमार, अंशुल मित्तल और चंद्र चोपड़ा श्री बगलामुखी माता मंदिर में माथा टेकने के बाद शनिवार रात कार से दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे जब वे नंदपुर पहुंचे तो चालक ने कार के बोनट से धुआं निकलते देखा।
खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी। इसके बाद तीनों लोग बाहर निकल आए। देखते ही देखते कार में आग भड़क उठी और कुछ ही समय में वाहन आग की लपटों में घिर गया।
दमकल टीम के पहुंचने से पहले जल चुकी थी कार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी बुलाई गई, लेकिन दमकल कर्मियों के पहुंचने तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
तीनों पर्यटक सुरक्षित
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि कार में सवार तीनों पर्यटक सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
