बीड़-बिलिंग में 2 नवम्बर से होगा पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप : तैयारियों को लेकर डीसी ऑफिस में हुई बैठक

by

एएम नाथ । शिमला : धर्मशाला, 27 अगस्त। जिला कांगड़ा के बीड़ बिलिंग में इस वर्ष दो से 9 नवम्बर तक पैराग्लाइडिंग विश्व कप-2024 आयोजित किया जाएगा। दुनिया के तमाम देशों से पायलट इस स्पर्धा में भाग लेने के लिए बीड़-बिलिंग घाटी पहुंचेंगे। पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप-2024 की तैयारियों को लेकर आज डीसी ऑफिस में बैठक का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 2 नवम्बर को दुनिया भर से आए पायलटों के पंजीकरण के साथ पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप-2024 की शुरुआत होगी। उसके बाद 3 से 8 नवम्बर तक पैराग्लाइडिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में पायलट भाग लेंगे तथा 9 नवम्बर को विजेताओं को पुरस्कार वितरण के साथ वर्ल्ड कप का समापन होगा।
एडीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर जिला कांगड़ा को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिले में पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात मुख्यमंत्री ने कही है। इसी कड़ी में बीड-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप-2024 का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति विभाग, बिजली बोर्ड, वन विभाग, पुलिस विभाग, साडा और अन्य विभागों को उचित दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा टेक ऑफ और लैंडिंग साइट को वर्ल्ड कप के योग्य बनाने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी। उन्होंने बेहतर संचार कनेक्टिविटी के साथ सभी मुख्य स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिससे आने वाले पर्यटकों को क्षेत्र के बारे में जानने में आसानी हो।
पायलटों की सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
बकौल एडीसी, वर्ल्ड कप के दौरान पायलटों की सुरक्षा और बचाव को लेकर सभी जरूरी प्रबंधन समय से पूर्व कर लिए जाएंगे। उन्होंने इसे लेकर बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली तथा एसडीआरएफ को वर्ल्ड कप के दौरान आवश्यक जनबल और सामग्री उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसोसिएशन से आपात स्थिति के लिए हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध करवाने की बात कही। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बीड़ से लैंडिंग साइट तक सीसीटीवी कैमरा लगवाए जाएंगे, जिनका नियंत्रण पुलिस के पास होगा। इसके साथ ही इस मार्ग पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश भी उपमंडल प्रशासन को दिए। वहीं कचरा प्रबंधन के लिए गैर सरकारी संस्थाओं से सहयोग लिया जाएगा।
इवेंट के साथ होगा एंटरटेनमेंट
सौरभ जस्सल ने बताया कि इस दौरान स्थानीय लोगों, पर्यटकों और दुनिया भर से आए पायलटों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही इस आयोजन को और अधिक आकर्षक व मनोरंजक बनाने के लिए बीड़ कार्निवल भी प्रस्तावित है।
हिमाचल पैराग्लाइडिंग फेस्ट से मिलेगा एडवेंचर स्पोर्टस् को बढ़ावा
एडीसी ने बताया कि साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस दौरान साहसिक खेल महोत्सव भी होगा। इस अवधि को हिमाचल पैराग्लाइडिंग फेस्ट के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान जहां एक तरफ पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप का आयोजन होगा, वहीं दूसरी अन्य क्षेत्रों में तरफ एडवेंचर स्पोर्टस् गतिविधियां भी करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए डर्ट बाइक, साइक्लोथॉन, मोटोक्रॉस और रिवर राफ्टिंग जैसी स्पर्धाएं प्रस्तावित हैं। इसके आयोजक बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के साथ हिमाचल सरकार और हिमाचल पर्यटन निगम रहेंगे।
यह रहे उपस्थित
एडीएम डॉ. हरीश गज्जू, सहायक आयुक्त सुभाष गौतम, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान, एसडीएम बैजनाथ डीसी ठाकुर, कार्यकारी अभियंता जलशक्ति विभाग बैजनाथ राहुल धीमान, कार्यकारी अभियंता बिजली बोर्ड बैजनाथ मनोज कुमार, डीएफओ संजीव शर्मा सहित बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी इस दौरान बैठक में उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

रामपुर बुशहर क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से किया जाएगा विकसित : विक्रमादित्य सिंह

श्राई कोटि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री ने की शिरकत रामपुर, 03 जुलाई – लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज रामपुर उपमंडल के अंतर्गत...
article-image
हिमाचल प्रदेश

नहीं माने वीरेंद्र कंवर ? ….. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल सुबह पहुंचे थे उनके आवास पर

कुटलैहड़ : भाजपा की ओर से देवेंद्र भुट्टो को कुटलैहड़ विधानसभा उपचुनाव में टिकट दिए जाने के बाद नाराज चल रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर लगातार पार्टी के सभी आयोजनों से दूरी बनाए...
article-image
हिमाचल प्रदेश

राजकीय महाविद्यालय सलूणी में एड्स जागरूकता के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

एएम नाथ। सलूणी (चम्बा) :  राजकीय महाविद्यालय सलूणी में बुधवार को रेड रिबन क्लब तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ब्लॉक किहार के संयुक्त तत्वावधान में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम...
article-image
Uncategorized , हिमाचल प्रदेश

सरकारी कालेज सलूणी में वूमेन सेल द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन : दुनिया लैंगिक समानता की ओर बढ़ रही : प्राचार्य डॉ. सलारिया 

एएम नाथ। सलूणी (चम्बा) : राजकीय महाविद्यालय सलूणी में वूमेन सेल के द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि एसडीएम सलूणी ने शिरकत की। उन्होंने महिलाओं को हर गतिविधि में...
Translate »
error: Content is protected !!