एआई, ग्रीन एनर्जी, कृषि और आपदा प्रबंधन पर आधारित मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र
गढ़शंकर, 4 नवंबर। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बोड़ा में शिक्षा विभाग की ओर से एनसीईआरटी के दिशा-निर्देशों के तहत ब्लॉक स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें मिडिल और सेकेंडरी वर्ग के विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी की थीम ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ रखी गई। विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ग्रीन एनर्जी, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पारंपरिक कृषि पद्धतियों, ग्रामीण विकास और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर मॉडल तैयार किए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए अपने विचार प्रस्तुत किए।
हैबोवाल और बीरमपुर कलां के विद्यार्थियों ने हासिल किए प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के मिडिल वर्ग में एआई विषय पर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैबोवाल ने पहला स्थान प्राप्त किया। ग्रीन एनर्जी विषय में देनोवाल कलां की रंजना ने बाजी मारी, जबकि सेकेंडरी वर्ग में बीरमपुर कलां के अमन बधन ने प्रथम स्थान हासिल किया। अन्य विषयों में भी विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपने मॉडल के जरिए प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी का मूल्यांकन लेक्चरर राज कुमार, रेखा सुमन, विज्ञान अध्यापक सुखबीर सिंह और साइंस मास्टर सुभाष चंद्र की टीम ने किया। ब्लॉक नोडल अधिकारी इंद्रजीत कौर के दिशा-निर्देशों तथा स्कूल इंचार्ज मनजीत सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक अध्यापकों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
