एएम नाथ। नई दिल्ली : भारतीय सेना की मारक क्षमता कुछ और बढ़ने जा रही है. सेना जल्द ही 300 स्वदेशी धनुष हॉवित्जर तोपों का नया ऑर्डर दे सकती है। रक्षा मंत्रालय की उच्च स्तरीय बैठक में मंजूरी मिलने के बाद यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इन 300 तोपों की खरीद से सेना में 15 नई आर्टिलरी रेजिमेंट बनाई जाएंगी। इससे सेना की मारक क्षमता काफी बढ़ेगी। यह धनुष तोपों का दूसरा बड़ा ऑर्डर होगा। इससे पहले भारतीय सेना 114 तोपों का ऑर्डर दे चुकी है। इनमें से कई तोपें सेना में शामिल हो चुकी हैं। इनके आधार पर चार रेजिमेंट्स पूरी तरह ऑपरेशनल हो चुकी हैं। दो और रेजिमेंट्स को शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
आपको बता दें कि धनुष तोपों का निर्माण एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (AWEIL) कर रही है। यह कंपनी पहले ऑर्डनेंस फैक्ट्री बोर्ड का हिस्सा थी। इन तोपों का उत्पादन मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित गन कैरिज फैक्ट्री में किया जाता है। धनुष एक आधुनिक 155 मिमी और 45 कैलिबर की हॉवित्जर तोप है। इसे बोफोर्स तोप की तकनीक के आधार पर विकसित किया गया है। लेकिन इसमें कई आधुनिक सुधार भी किए गए हैं। इस तोप की मारक क्षमता काफी ज्यादा है। सामान्य गोला-बारूद के साथ इसकी रेंज लगभग 36 किलोमीटर है। खास एम्यूनिशन के साथ यह 38 से 40 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी तक निशाना लगा सकती है। इसमें डिजिटल फायर कंट्रोल सिस्टम लगाया गया है। इससे लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाना आसान हो जाता है। इसमें ऑटोमैटिक लोडिंग असिस्ट और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम भी लगाए गए हैं।
