राजकीय महाविद्यालय सलूणी की छात्रा स्नेहा शर्मा का तिरुक्कुरल इंटर्नशिप के लिए चयन

by

काशी तमिल संगमम 5.0 में चमकी सलूणी कॉलेज की छात्रा, मिलेगी 10 हजार रुपये की इंटर्नशिप राशि

राष्ट्रीय स्तर पर सलूणी कॉलेज का गौरव बढ़ाएंगी स्नेहा शर्मा, तिरुक्कुरल पर करेंगी शोध एवं लेखन

एएम नाथ। सलूणी
राजकीय महाविद्यालय सलूणी की बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा स्नेहा शर्मा का भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित काशी तमिल संगमम (KTS) 5.0 के अंतर्गत प्रतिष्ठित तिरुक्कुरल इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम के तहत देशभर के 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों के 1000 विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल के अध्ययन के लिए इंटर्नशिप प्रदान की जा रही है। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को 10 हजार रुपये की इंटर्नशिप राशि भी मिलेगी।
स्नेहा का चयन केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (CICT), चेन्नई के KTS 5.0 पोर्टल पर आयोजित मेरिट आधारित संस्थागत मूल्यांकन के बाद हुआ है। वह राजकीय महाविद्यालय सलूणी की प्रतिनिधि छात्रा के रूप में इस कार्यक्रम में भाग लेंगी। उनकी इंटर्नशिप का मार्गदर्शन इतिहास विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सौरभ मिश्रा करेंगे।
तिरुक्कुरल महान तमिल संत-कवि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित 1330 दोहों का विश्वप्रसिद्ध ग्रंथ है। इसमें धर्म, अर्थ और काम के माध्यम से नैतिकता, प्रेम, सुशासन और मानवीय मूल्यों की विस्तृत व्याख्या की गई है। वहीं, काशी तमिल संगमम का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक, भाषाई एवं शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करना है।
KTS 5.0 का मुख्य विषय ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ है। कार्यक्रम के तहत 28 नवंबर को उद्घाटन और 12 दिसंबर, 2026 को समापन समारोह ऑनलाइन होगा। 14 दिसंबर तक विद्यार्थियों को अकादमिक ओरिएंटेशन एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बाद 15 दिसंबर, 2026 से 14 जनवरी, 2027 तक स्नेहा तिरुक्कुरल पर शोध एवं लेखन कार्य करेंगी। उन्हें निर्धारित अवधि तक शोध रिपोर्ट और एक घंटे की प्रस्तुति की वीडियो रिकॉर्डिंग भी जमा करवानी होगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहिन्दर कुमार सलारिया ने स्नेहा शर्मा और उनके पर्यवेक्षक डॉ. सौरभ मिश्रा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। इससे स्नेहा की मेहनत, लगन और प्राध्यापकों के शैक्षणिक मार्गदर्शन की झलक मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस उपलब्धि से अन्य विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित होंगे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी : हांसी रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव मंजूर

पुनीत महाजन :  चंडीगढ़/ हांसी, 22 जून। हांसी क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही स्थानीय लोगों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की मांग...
article-image
हिमाचल प्रदेश

स्मार्ट मीटर स्थापित करने में सहयोग करें सभी उपभोक्ता: सहायक अभियंता तेजू राम

एएम नाथ। चम्बा : हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के मुख्य अभियंता (ऑपरेशन) द्वारा जारी निर्देशों एवं विद्युत अधिनियम-2003 के प्रावधानों के अनुसार सभी उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने एवं पुराने...
हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रशासनिक सेवा के पांच अधिकारियों के तबादले

एएम नाथ। शिमला : हिमाचल सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) के पांच अधिकारियों के तबादला एवं तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव...
article-image
हिमाचल प्रदेश

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए दिसंबर तक हरोली में बनेगी लाइब्रेरीः डीसी

उपायुक्त राघव शर्मा ने एसडीएम हरोली विकास शर्मा के साथ किया स्थान का निरीक्षण ऊना, 2 नवंबरः प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हरोली उपमंडल में भी एक लाइब्रेरी...
Translate »
error: Content is protected !!