चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें पटियाला की अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने की अनुमति दे दी।
सनौर से यह एमएलए पिछले कई माह से फरार चल रहा था। पटियाला पुलिस ने मध्य प्रदेश में ग्वालियर के पास से उसे दबोचा है। एसएसपी वरुण शर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पठानमाजरा के खिलाफ पिछले वर्ष सितंबर में पटियाला के सिविल लाइन थाने में जीरकपुर की एक महिला की शिकायत के बाद दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अरेस्ट करने पहुंची तो भाग गया था : पटियाला पुलिस मामले दर्ज होने के बाद सितंबर-2025 में जब पठानमाजरा को अरेस्ट करने के लिए हरियाणा के गांव में पहुंची तो वहां से वह भाग गया था। तब उस पर आरोप लगे थे कि पुलिस टीम पर हमला करके वह भागा था। फरार होने के बाद बीच में पठानमाजरा के आस्ट्रेलिया में होने की बात सामने आई थी।
सरकार के खिलाफ बोला था हमला : पठानमाजरा फरारी के दौरान लगातार सोशल मीडिया पर अपनी ही सरकार के खिलाफ लगातार पोस्ट जारी करता रहा। उसने राज्य की भगवंत मान सरकार पर बदले की राजनीति आरोप लगाया था। आप एमएलए ने कहा कि प्रतिशोध के मकसद से उसके खिलाफ पर्चा दर्ज करवाया गया है। पठानमाजरा का आरोप है कि उन्होंने बाढ़ के दौरान अपने हलके सनौर की जनता के हकों के लिए सरकार के खिलाफ आवाज उठाई थी और वजह से उन पर कार्रवाई हुई है।
